चमोली । जोशीमठ-नीति मार्ग पर तमक के पास बादल फटने की घटना से बड़ा नुकसान हुआ है। तेज बहाव के कारण वैली ब्रिज ढह गया, जिससे यह मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया है। घटना के बाद से बॉर्डर एरिया की आवाजाही भी पूरी तरह बंद कर दी गई है।
इसी बीच सीमा सड़क संगठन (BRO) के हवलदार पंकज लापता हो गए हैं। पंकज, मेजर वीके सोनी के चालक थे और उनकी तलाश जारी है।
मेजर वीके सोनी ने फोन पर जानकारी देते हुए बताया कि वे सभी लोग साइट से लौटकर वापस आ रहे थे। इसी दौरान तमक नाले के ऊपर अचानक भारी मात्रा में पानी आता दिखाई दिया। स्थिति को भांपते हुए सभी लोग अपने वाहन छोड़कर जान बचाने के लिए भागे। अधिकांश लोग पहाड़ी की ओर भागे, लेकिन उनका चालक पंकज सड़क की ओर भाग गया और तेज बहाव में बह गया।
जिला अधिकारी गौरव कुमार सिंघल ने तुरंत घटनास्थल के लिए रेस्क्यू टीमें रवाना कर दी हैं। साथ ही संबंधित एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे इस मार्ग पर यात्रा करने से बचें और पूरी सतर्कता बरतें।

















