गत जुलाई को मुंबई में ‘सिने टॉकीज 2026’ के पोस्टर का लोकार्पण हुआ। इस अवसर पर चंद्रशेखर वामन वझे, प्रशांत नीलकंठ देशपांडे, ऋषिकेश जोशी तथा ध्रुव कंडपाल आदि उपस्थित रहे। बता दें कि इस वर्ष सिने टॉकीज-2026 का आयोजन 11-13 दिसंबर तक मुंबई स्थित व्हिस्लिंग वुड्स इंटरनेशनल, फिल्म सिटी कॉम्प्लेक्स, गोरेगांव में होगा।
इस अवसर पर ‘सिनेमा : कल, आज और कल’ विषय पर चर्चा होगी। तीन दिवसीय राष्ट्रीय संवाद में भारतीय सिनेमा के समकालीन परिदृश्य, चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं पर विभिन्न विषयों के विशेषज्ञ, फिल्मकार, शिक्षाविद्, लेखक, तकनीकी विशेषज्ञ तथा युवा रचनाकार सहभागी होंगे।
आयोजन के दौरान ‘सिनेमा : समाज का प्रतिबिंब या समाज का निर्माता’, ‘साहित्य और सिनेमा’, ‘बाल सिनेमा’, ‘सिनेमा : प्रचार, विचार और मनोरंजन’ तथा ‘सिनेमा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) : आवश्यकता, नैतिकता और भविष्य’ जैसे समसामयिक विषयों पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त पटकथा लेखन, निर्देशन, छायांकन, संपादन, ध्वनि एवं संगीत, डिजिटल तकनीक, ओटीटी प्लेटफॉर्म, कंटेंट निर्माण, भारतीय सिनेमा की ऐतिहासिक यात्रा, वर्तमान परिदृश्य तथा बदलती सिनेमाई प्रवृत्तियों पर विशेषज्ञों के व्याख्यान, परिचर्चाएं और संवाद आयोजित होंगे।
‘सिने सृष्टि, भारतीय दृष्टि’ की संकल्पना पर आधारित सिने टॉकीज का उद्देश्य सिनेमा, समाज, संस्कृति और भारतीय विचार के बीच सार्थक संवाद स्थापित करना है। यह मंच अनुभवी फिल्मकारों और युवा रचनाकारों के बीच रचनात्मक आदान-प्रदान तथा सहयोग के नए अवसर भी प्रदान करेगा। पोस्टर लोकार्पण के साथ ही सिने टॉकीज 2026 के लिए पंजीकरण प्रक्रिया भी प्रारंभ हो गई है।

















