उत्तर प्रदेश

बाराबंकी में गुलफाम हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा: मोहम्मद साहिल गिरफ्तार, झाड़ियों से मिले अवशेष व कपड़े!

बाराबंकी पुलिस ने गुलफाम की हत्या का किया खुलासा। आरोपी मोहम्मद साहिल गिरफ्तार, निशानदेही पर झाड़ियों से मिले कपड़े व अवशेष।

Published by
सुनील राय

जनपद बाराबंकी में गुलफाम के अपहरण के मुकदमे में मोहम्मद साहिल को गिरफ्तार किया गया। मोहम्मद साहिल ने पूछताछ में बताया कि गुलफाम की हत्या करके उसका शव झाड़ियों में फेंक दिया गया था। साहिल की निशानदेही पर गुलफाम की शर्ट बरामद की गई है।

गुमशुदगी के बाद दर्ज हुआ अपहरण का मुकदमा

गत 2 जून को गुलफाम अहमद के गुम हो जाने के संबंध में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। गत 19 जुलाई को इस्तियाक अहमद, निवासी ग्राम ज्ञानीपुर, थाना शिवगढ़, जिला सुल्तानपुर ने अपने भाई गुलफाम अहमद के अपहरण हो जाने के संबंध में तहरीर दी। इसके आधार पर अपहरण का मुकदमा पंजीकृत किया गया, जिसकी विवेचना की जा रही है। इस अपहरण की घटना को पुलिस अधिकारियों द्वारा संज्ञान में लिया गया। गुलफाम अहमद को खोजने के लिए टीमों का गठन किया गया।

पहले समीर गिरफ्तार, अब मोहम्मद साहिल भी पुलिस की गिरफ्त में

पुलिस द्वारा अभियुक्त समीर को गत 20 जुलाई को गिरफ्तार कर जेल में निरुद्ध किया जा चुका है। अब इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य एवं मुखबिर की सूचना पर वांछित अभियुक्त मोहम्मद साहिल को ग्राम हुसैनमऊ, देवा, बाराबंकी से गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में हत्या का खुलासा, झाड़ियों में छिपाया था शव

पूछताछ करने पर साहिल ने बताया कि, “दिनांक 22 जुलाई को मैं, मेरे भाई आदिल, समीर, तौफिक एवं गुलफाम के साथ बाराबंकी जा रहे थे। रास्ते में गुलफाम से विवाद हो गया। इसके बाद मारपीट हुई, जिस पर हम लोग उसे थाना क्षेत्र माती, बाराबंकी नहर के किनारे जबरदस्ती ले गए। ग्राम नईमऊ के सामने हम सभी ने मिलकर गला काटकर उसकी हत्या कर दी तथा वहीं झाड़ियों में शव को छिपा दिया।”

निशानदेही पर बरामद हुई टी-शर्ट और अवशेष

गठित टीम द्वारा अभियुक्त की निशानदेही पर गुमशुदा द्वारा पहनी गई टी-शर्ट एवं गुमशुदा के अवशेष बरामद किए गए। अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

Share

Recent News