मुरादाबाद । जनपद मुरादाबाद के कुन्दरकी थाने में सपा के पूर्व विधायक हाजी रिजवान, उनके बेटे हाजी जुबैर, पत्नी शमा परवीन और यूसुफ मलिक के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता अब्दुल मुस्तफा ने आरोप लगाया है कि जमीन की रजिस्ट्री कराने के लिए उनसे रुपये ले लिए गए, लेकिन इसके बावजूद रजिस्ट्री नहीं की गई।
जमीन का लैंड यूज बदलवाने के नाम पर 10 लाख रुपये लेने का आरोप
शिकायतकर्ता अब्दुल मुस्तफा ने बताया कि अभियुक्तों ने उनसे स्कूल की जमीन का लैंड यूज (Land Use) परिवर्तन कराने के नाम पर 10 लाख रुपये लिए थे। 10 लाख रुपये लेने के बाद उत्तर प्रदेश भू-उपयोग विभाग, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के नाम से एक फर्जी रसीद बनाकर उन्हें दी गई थी।
अभियुक्तों द्वारा उन्हें बताया गया कि 6 लाख 11 हजार रुपये खर्च हुए हैं और शेष रुपये रिश्वत देने में खर्च हो गए। शिकायतकर्ता ने अभियुक्तों की बात पर विश्वास कर लिया।
4 करोड़ 80 लाख रुपये में जमीन खरीदने की हुई थी बात
अभियुक्तों की बात पर विश्वास करके 4 करोड़ 80 लाख रुपये में जमीन खरीदने की बात तय हुई थी। इस दौरान 25 लाख रुपये ऑनलाइन और कुछ रुपये नकद में दिए गए थे।
इकरारनामे के कागजात पर जुबैर की पत्नी शमा परवीन ने अपने हस्ताक्षर किए हैं। अब्दुल मुस्तफा ने पूर्व विधायक हाजी रिजवान व अन्य अभियुक्तों को कुल 1 करोड़ 27 लाख 86 हजार रुपये दिए।
रुपये लेने के बाद न हुई रजिस्ट्री, न बदला गया भूमि का लैंड यूज
शिकायतकर्ता का आरोप है कि धनराशि लेने के बाद जमीन की रजिस्ट्री नहीं की गई। इसके साथ ही उक्त भूमि का लैंड यूज भी परिवर्तित नहीं कराया गया।
मामले में शिकायत के आधार पर कुन्दरकी थाने में सपा के पूर्व विधायक हाजी रिजवान, हाजी जुबैर, शमा परवीन और यूसुफ मलिक के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है।














