अयोध्या स्थित राम मंदिर को एक बार फिर से उड़ाने की धमकी दी गई है। इस मामले में कार्रवाई करते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सुहैल नाम के शख्स को कर्नाटक से गिरफ्तार किया है। ये कार्रवाई राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) और एटीएस ने कर्नाटक पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त रूप से किया है।
गिरफ्तारी कहाँ और कैसे हुई
कर्नाटक के दावणगेरे जिले के हरिहर इलाके में मंगलवार को यह कार्रवाई हुई। आरोपी का नाम सुहैल है। वह उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के गंगोह थाना क्षेत्र के लखनौती गांव का रहने वाला है। उम्र करीब 20 साल बताई जा रही है। सुहैल वहाँ एक फैक्ट्री में पेंटर का काम कर रहा था। वह सामान्य मजदूर की तरह रहकर अपनी पहचान छिपाए हुए था। एनआईए, एटीएस और स्थानीय पुलिस की टीम ने मिलकर उसे पकड़ा।
इसे भी पढ़ें: पहलगाम आतंकी हमला: NIA ने फाइल की चार्जशीट, पाकिस्तानी हैंडलर अली साजिद का खुलासा
साजिश का खुलासा
पूछताछ में सुहैल ने बताया कि वह अयोध्या के राम मंदिर में बम विस्फोट की साजिश रच रहा था। उसके मोबाइल फोन की जांच में कई अहम चीजें मिलीं। पाकिस्तान के कुछ नंबरों से उसकी बातचीत का पता चला। एक नंबर ‘राणा बॉय’ नाम से सेव था। मोबाइल में कुछ संदिग्ध व्हाट्सएप ग्रुप भी मिले। साथ ही हथियारों की तस्वीरें थीं। एजेंसियां अब इन सबकी गहराई से जांच कर रही हैं।
यूपी में छानबीन
इस मामले की सूचना यूपी सरकार को दी गई है। सहारनपुर में पुलिस छानबीन शुरू कर चुकी है। पहले यह चर्चा थी कि आरोपी शाहजहांपुर का है, इसलिए वहाँ भी टीमों ने दिनभर काम किया। अभी आरोपी को गिरफ्तार करके पूछताछ चल रही है। मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एजेंसियां उसके संपर्कों, प्लानिंग और दूसरे लोगों की भूमिका का पता लगाने की कोशिश कर रही हैं।











