ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथारिटी (गमाडा) के मुख्यालय व दो आइएएस अधिकारियों के घर पर मंगलवार से शुरू हुई ईडी की जांच बुधवार देर रात तक जारी रही। इसी बीच बुधवार को ईडी की टीम ने इसी मामले में पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां के लुधियाना में रहते भांजे गुरप्रीत सिंह सैनी के घर पर दोपहर के समय रेड की, जो देर रात तक चली।
इधर, आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता ने देर रात यह जानकारी साझा की कि पंजाब सरकार ने ईडी की कार्रवाई के विरुद्ध हाई कोर्ट में याचिका दाखिल कर तत्काल सुनवाई की मांग की है। आप के प्रवक्ता ने यह दावा किया कि हाई कोर्ट ने ईडी की छापेमारी की निगरानी करने और वीरवार दोपहर दो बजे तक स्थिति रिपोर्ट सौंपने के लिए वारंट आफिसर की नियुक्ति कर दी है। रेड के बाद मंत्री का मोबाइल नंबर बंद आ रहा है, बीजेपी नेता रवनीत सिंह बिट्टू ने दावा किया है कि पंजाब का एक मंत्री विदेश भाग गया है।
ई डी कर चुकी है जांच
ईडी की ओर से इस मामले में पूर्व मुख्य सचिव अनुराग वर्मा, आईएएस अधिकारी विकास गर्ग और कंवल प्रीत कौर बराड़ से जालंधर में पूछताछ की जा चुकी है। मंगलवार से जिन दो आइएएस अधिकारियों के घरों व प्रतिष्ठानों पर रेड की गई है, वह वरिष्ठ आईएएस अधिकारी और गमाडा के पूर्व चीफ एडमिनिस्ट्रेटर राजीव गुप्ता व विकास गर्ग हैं।
बुधवार की सुबह ईडी की टीम विकास गर्ग को लेकर उनके घर पहुंची और कुछ देर बाद लौट आई। बुधवार को ही ईडी की टीम दोपहर के समय लुधियाना जिले के साहनेवाल विधानसभा क्षेत्र के अधीन गांव कोहाड़ा में कैबिनेट मंत्री के रिश्तेदार गुरप्रीत सिंह के घर पहुंची। टीम ने घर का गेट बंद कर घर में जांच शुरू की जो देर रात तक जारी थी। इससे पहले मंगलवार को ईडी ने मोहाली, लुधियाना, चंडीगढ़, दिल्ली और पंचकूला में करीब 26 ठिकानों पर जांच शुरू की थी।
क्या है मामला
जांच के केंद्र में तिरुपति इंफ्राप्रोजेक्ट्स और उससे जुड़ी कंपनियां हैं। आशंका है कि गमाडा की दो प्रमुख नीलामी साइटों से जुड़े मामले में इन कंपनियों को कथित तौर पर 100 करोड़ रुपये से अधिक लाभ पहुंचाया गया है। मोहाली के फेज-8 स्थित पुडा भवन में ईडी की टीमों ने रातभर दस्तावेज और रिकार्ड खंगाले। अधिकारियों और संबंधित कंपनियों के बीच हुई बातचीत, फाइलों की नोटिंग, भुगतान और राहत से संबंधित दस्तावेज भी जांच के दायरे में बताए जा रहे हैं। अधिकारियों से गमाडा की नीलामी, जमीन से जुड़े मामलों, बिल्डरों को दी गई राहत और विभागीय स्तर पर लिए गए फैसलों के बारे में जानकारी ली गई है। इससे जांच का दायरा पहले की पूछताछ से आगे बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।
तिरुपति के अलावा जुड़ी कंपनियां भी जांच में
ईडी की कार्रवाई तिरुपति इंफ्राप्रोजेक्ट्स के साथ रेमिगेट, एमबी इंफ्राबिल्ड, मेरा बाबा रियलिटी और मेरा बाबा इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े ठिकानों तक भी पहुंची है। दिल्ली, मोहाली और अन्य स्थानों पर इनसे जुड़े परिसरों की जांच की जा रही है। एजेंसी यह भी देख रही है कि गमाडा से जुड़े फैसलों का इन कंपनियों को क्या वित्तीय फायदा हुआ और संबंधित राशि का लेन-देन किस तरह हुआ।
















