हरियाणा के फरीदाबाद से सामने आया एक मामला इन दिनों लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। एक युवती ने एक युवक पर अपनी पहचान छिपाकर प्रेम संबंध बनाने, शादी करने और बाद में उसके साथ शारीरिक तथा मानसिक उत्पीड़न करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का दावा है कि जिस युवक को वह कई सालों तक हिंदू समझती रही, उसने अपना नाम और पहचान बदलकर उसे धोखे में रखा। इतना ही नहीं, शादी के बाद उसे पता चला कि युवक पहले से शादीशुदा है और तीन बच्चों का पिता भी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
वीर निकला आरिफ
पीड़िता के अनुसार, साल 2018 में जब वह 11वीं कक्षा में पढ़ रही थी, तब उसकी मुलाकात अपने स्कूल के पास रहने वाले एक युवक से हुई थी। युवक ने अपना नाम ‘वीर’ बताया और धीरे-धीरे दोनों के बीच दोस्ती हो गई। युवती का आरोप है कि करीब एक साल तक युवक ने अपनी असली पहचान छिपाकर रखी और उसे प्रेम संबंध में बांधे रखा। युवती का कहना है कि साल 2019 में युवक उसे दिल्ली की साकेत कोर्ट ले गया, जहां दोनों ने शादी कर ली। लेकिन शादी के बाद जब वह उसके घर पहुंची, तो उसे सच्चाई का पता चला। युवती के मुताबिक, युवक का असली नाम आरिफ था और वह पहले से शादीशुदा था। उसके तीन बच्चे भी थे। यह जानकर युवती पूरी तरह टूट गई।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि सच्चाई सामने आने के बाद उसे घर में बंधक बनाकर रखा गया। उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए गए और उसे लगातार मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ी। उसने बताया कि करीब चार साल तक वह इस दर्द को सहती रही और आखिरकार साल 2022 में वहां से अलग होने में सफल हुई। इसके बाद युवती ने साल 2023 में पुलिस से शिकायत की। जांच में सामने आया कि घटना के समय वह नाबालिग थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। हालांकि बाद में आरोपी जमानत पर बाहर आ गया। युवती का आरोप है कि जमानत मिलने के बाद आरोपी ने फिर से उसे धमकाना शुरू कर दिया। हाल ही में कार की चाबी को लेकर हुए विवाद में भी आरोपी और उसके भाइयों पर मारपीट का आरोप लगाया गया है। फिलहाल पुलिस को दोनों पक्षों की शिकायतें मिली हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
















