मध्य प्रदेश के देवास में युवती की शिकायत पर दुष्कर्म, धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में शाहरुख बेग नामक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पीड़िता ने आरोपी पर पहचान छिपाकर दोस्ती करने, शादी का झांसा देने, जबरन संबंध बनाने और निजी फोटो-वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। जानकारी के मुताबिक, आरोपी को कुछ दिन पहले इंदौर राजपूत करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने पकड़कर देवास के सेंट्रल कोतवाली थाने की पुलिस के हवाले किया था। इसके बाद पुलिस ने युवती की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
शाहरुख बेग ने महेंद्र चंद्रावत बनकर हिंदू महिला से की दोस्ती
पीड़िता ने इंदौर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान पूरे मामले के बारे में जानकारी दी। युवती के अनुसार, उसकी पहली मुलाकात आरोपी से पुणे के एक रेस्टोरेंट में हुई थी। उस समय आरोपी ने कथित तौर पर अपना नाम महेंद्र चंद्रावत बताया था। उसने खुद को देवास का रहने वाला बताया और ई-कॉमर्स तथा प्रॉपर्टी समेत कई कारोबार से जुड़े होने की बात कही। युवती का आरोप है कि दोनों के बीच बातचीत बढ़ने के बाद आरोपी ने उसके सामने शादी का प्रस्ताव रखा, जिसे उसने ठुकरा दिया। इसके बावजूद आरोपी ने दोस्ती बनाए रखी और कथित तौर पर उसे देवास स्थित अपने घर ले गया। युवती के मुताबिक, घर में किसी के न होने का फायदा उठाकर आरोपी ने उसकी मर्जी के खिलाफ उसके साथ संबंध बनाए।
पीड़िता का दावा है कि बाद में उसे आरोपी की वास्तविक पहचान के बारे में जानकारी हुई। इसके बाद आरोपी पर निजी फोटो और वीडियो के जरिए उसे लगातार ब्लैकमेल करने का आरोप है। युवती ने दावा किया कि अलग-अलग तरीकों से उससे करीब 8 से 10 लाख रुपये भी लिए गए। मामले में पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर दुष्कर्म, धोखाधड़ी, ब्लैकमेलिंग और जान से मारने की धमकी सहित अन्य संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और युवती की ओर से लगाए गए आरोपों से जुड़े साक्ष्यों को भी जुटाया जा रहा है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्ष और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर होगी।

















