यूपी की राजधानी लखनऊ में सोमवार को दोपहर में दो मंजिला इमारत में आग लग गई। अभी तक 15 लोगों की जलकर मृत्यु हो गई है। मृतकों में ज्यादा संख्या छात्रों की हैं। अभी 5 और बच्चों के फंसे होने की सूचना मिल रही है। इस अग्निकांड में एक छात्र ने बिल्डिंग से कूद कर जान बचाई। इस दौरान वह नीचे ग्रिल पर गिरा। उसके पेट में गंभीर रूप से चोट आई है। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद मौके पर पहुंच कर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अलीगढ़ का दौरा बीच में छोड़कर लखनऊ लौट रहे हैं।
जिस इमारत में आग लगी, वह अलीगंज इलाके में स्थित है। इसके बेसमेंट, ग्राउंड और पहले फ्लोर पर पेट शॉप और क्लीनिक है। दूसरे फ्लोर पर लर्निंग स्पेस नाम की कोचिंग है।इस अग्निकांड की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की करीब एक दर्जन गाड़ियां मौके पर हैं। एक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म आग बुझाने में लगाई गई है। SDRF और NDRF की टीम को भी मौके पर लगाया गया है। बिल्डिंग की पीछे की दीवार को तोड़ कर शवों को बाहर निकाला जा रहा है। मौके पर करीब 14 एम्बुलेंस भेजी गई हैं।
अलीगढ़ से वापस लौटे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अलीगढ़ में कहा कि मुझे दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि अभी अभी मुझे जानकारी मिली है कि लखनऊ में एक अग्निकांड की दुखद घटना हुई है, उसकी चपेट में कुछ बच्चे आये हैं, उनकी दुखद मौत हुई है, इसलिए मुझे तत्काल वापस जाना पड़ रहा है। जिन्होंने जान खोई उनके परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।
इस पूरे मामले के लिए पुलिस महानिदेशक व अपर मुख्य सचिव गृह को भी कहा है कि मौके पर जाकर इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करें। मैं स्वयं भी वहां प्रस्थान कर रहा हूं। जिससे इस पूरे मामले की तह में जाकर दोषियों को सज़ा दे सकें।
पीएम मोदी ने जताया गहरा दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लखनऊ में आग की घटना पर गहरा दुख जताया। उन्होंने शोक संदेश में कहा कि घटना में हुई मौतों से बहुत दुख हुआ है। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। घायल लोग जल्द से जल्द ठीक हों। बचाव कार्य चल रहा है और अधिकारी हर संभव मदद पहुंचा रहे हैं। PMNRF से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।

















