नई दिल्ली: अमेरिका और ईरान की शांति वार्ता पर हस्ताक्षर के बाद भी मिडिल ईस्ट में तनाव बढ़ता जा रहा है। इजरायल लगातार लेबनान पर हमले कर रहा है।अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की चेतावनी के बावजूद भी इजरायल ने दक्षिणी लेबनान पर हमले जारी रखे हैं। शुक्रवार को भी इजरायल की वायु सेना ने लेबनान की बेका घाटी में हिजबुल्लाह के ठिकानों पर नए हवाई हमले किए हैं। इससे पहले इजरायली हमलों में लेबनान में 18 लोगों की मौत हो गई थी। इजरायल के इन हवाई और ड्रोन हमलों से से एक बार फिर मिडिल ईस्ट में तनाव बढ़ता हुआ दिख रहा है।
इजरायल का आरोप है कि हिजबुल्लाह ने सीजफायर तोड़ा है और दक्षिणी लेबनान में एक संदिग्ध ड्रोन हमले में उसके एक टैंक बटालियन कमांडर और तीन अन्य सैनिक मारे गए हैं। इजरायली वायु सेना का कहना है कि उन्होंने बेका घाटी में हिजबुल्लाह आतंकवादी संगठन के ठिकानों पर हमला किया। यह हमला हिजबुल्लाह द्वारा बार-बार सीजफायर का उल्लंघन करने के जवाब में किया गया है। हिजबुल्लाह लगातार इजरायली रक्षा बलों (IDF) के खिलाफ हमलों और आतंकवादी योजनाओं को आगे बढ़ा रहा है।
स्विट्जरलैंड में होने वाली US-ईरान वार्ता टली, इजरायल को फ्रांस की सलाह- लेबनान पर हमले बंद करो
इजरायल के सुरक्षा मंत्री बोले- जला दो पूरा लेबनान
वहीं हिज्बुल्लाह ने भी इजरायल पर जवाबी हमले किए हैं। इजरायल पहले ही कह चुका है कि वो हिज्बुल्लाह के खात्मे तक लेबनान में हमले जारी रखेगा और दक्षिणी लेबनान से उसकी सेना पीछे नहीं हटेगी। इजरायल के राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतामार बेन गवीर ने हमलों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पूरा लेबनान जलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि हर इजरायली मां के आंसू के बदले एक हजार लेबनानी माताओं को रोना चाहिए। पूरा लेबनान जलना चाहिए। इजरायल को पूरी दुनिया को साफ कर देना चाहिए कि हमारे बेटों का खून और हमारे नागरिकों की सुरक्षा कोई ऐसी चीज नहीं है जिसे छोड़ा जा सके। इजरायल के नागरिकों और आईडीएफ सैनिकों की रक्षा करना हमारा सबसे बड़ा कर्तव्य है और यह जिम्मेदारी हर दूसरी बात से ऊपर है।
इजरायल ने लेबनान पर फिर किए भीषण हमले, 18 की मौत; ईरान-US समझौते में अब आगे क्या होगा?
बेन गवीर ने कहा कि संयम बरतकर जीत हासिल नहीं की जा सकती है। उन्होंने कहा कि मैंने प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से निजी बैठकों में भी कहा है कि हर इजरायली मां के आंसू के बदले एक हजार लेबनानी माताओं को रोना चाहिए। आतंकवाद को पूरी तरह खत्म करना और कुचलना पड़ता है।
ईरान ने की इजरायल के लेबनान जलाने के बयान की निंदा
वहीं ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने इजरायल के मंत्री के पूरे लेबनान को जलाने के बयान की निंदा की है। अराघची का कहना है कि यह किसी आम सिरफिरे का बयान नहीं, बल्कि इजरायल सरकार के राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री का आधिकारिक पोस्ट है। उन्होंने तेल अवीव को नरसंहार करने वाला संप्रदाय करार दिया है। साथ ही कहा है कि इजरायल की एकमात्र दिलचस्पी केवल युद्ध को जारी रखने में है।
अमेरिका और ईरान की बातचीत रुकी
इजरायल और लेबनान के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए अमेरिका और ईरान के बीच स्विट्जरलैंड में होने वाली बातचीत फिलहाट टल गई है। मिडिल ईस्ट की स्थिति अभी भी तनावपूर्ण बनी हुई है। फ्रांस ने भी इजरायल को लेबनान पर हमले बंद करने के लिए कहा है। लेकिन इजरायल ने साफ कर दिया है कि वो दक्षिणी लेबनान में अपना सैन्य अभियान बंद नहीं करेगा। शुरू से ही इजरायल अमेरिका और ईरान के बीच हुए शांति समझौते को लेकर असहमत दिख रहा है। उसने अपनी यह असहमति जता भी दी है। इजरायल साफ कह चुका है कि वो इस शांति समझौते को मानने के लिए बाध्य नहीं है।

















