लखनऊ। गत 8 जून 2026 को परीक्षा देने जा रही युवतियों के साथ दुष्कर्म का प्रयास करने वाला शातिर अपराधी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। पुलिस की गोली उसके पैर लगी। उपचार के लिए उसे अस्पताल ले जाया गया। अभियुक्त हसीब थाना कछौना, जनपद हरदोई का निवासी है, वर्तमान में लखनऊ के हैदर कैनाल नाला, थाना पारा क्षेत्र में रह रहा था।
हसीब ने परीक्षा देने जा रही दो युवतियों को चारबाग बस अड्डे के पास से आलमबाग ले जाने के लिए अपने ऑटो में बैठाया और उन्हें थाना क्षेत्र पारा के रामलीला ग्राउण्ड के पास सुनसान इलाके में ले जाकर उनके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। विरोध करने पर उसने युवतियों के साथ मारपीट की, उनके साथ अभद्रता की और उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पारा पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने जब आरोपी के (ऑटो संख्या UP32 PN 8865) को घेरकर रोकने का प्रयास किया, तो अपराधी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायर कर दिया। पुलिस द्वारा की गई आत्मरक्षात्मक जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर उपचार हेतु रानी लक्ष्मीबाई चिकित्सालय भेजा गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ऑटो, एक तमंचा व जिन्दा एवं खोखा कारतूस बरामद किया गया है। पूछताछ में पाया गया कि अभियुक्त हसीब आदतन अपराधी है। इससे पूर्व वर्ष 2024 में भी उसने जनपद हरदोई के थाना सण्डीला क्षेत्र में इसी प्रकार की घटना को अंजाम दिया था, जहाँ उसने एक महिला को ऑटो में बैठाकर सुनसान जगह पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया था। इस मामले में लिए वह जेल भी जा चुका है।

















