उत्तर भारत में तेजी से मौसम बदल रहा है। कई दिनों से भीषण गर्मी के बाद गुरुवार शाम को दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में बारिश, आंधी और तेज हवाएं चलीं। कई जगहों पर ओले भी गिरे। नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में यह बदलाव आया है।
आज दिल्ली-यूपी में भारी बारिश
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले दो-तीन दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में गर्मी से राहत मिलेगी। अधिकतम तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। आज दिल्ली-NCR और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में तेज आंधी-तूफान के साथ अच्छी बारिश होने की उम्मीद है। 15 राज्यों में बारिश और आंधी का रेड अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर प्रदेश के 43 जिलों में तेज आंधी का रेड अलर्ट है। 31 मई तक उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में कई जगहों पर तेज आंधी-तूफान आ सकते हैं।
कल का तापमान
गुरुवार को दिन में दिल्ली का अधिकतम तापमान 45 डिग्री, उत्तर प्रदेश के बांदा में 47.5 डिग्री और राजस्थान के श्री गंगानगर में 47.1 डिग्री दर्ज किया गया। राजस्थान के छह जिलों में तापमान 45 डिग्री से ऊपर रहा। हरियाणा के सिरसा और पंजाब के फरीदकोट में 45.4 डिग्री तापमान रहा। दोपहर बाद कई जगहों पर मौसम अचानक बदलने लगा।
हरियाणा में ओलावृष्टि
दिल्ली में काले बादलों और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हुई, जिससे थोड़ी राहत मिली। हरियाणा के चरखी दादरी में तेज बारिश के साथ ओले गिरे। रेवाड़ी के बावल, कुंड और खोल इलाके में करीब पांच मिनट तक ओले पड़े।
इसे भी पढ़ें: ईद पोस्टर में गाय की तस्वीर से मचा बवाल, रियासी स्कूल पर भड़के हिंदू संगठन, जानिए पूरा मामला
नुकसान और हादसे
हरियाणा के नूंह में तेज आंधी से टपकान गांव में स्कूल की दीवार गिर गई, जिसमें एक बच्चे की मौत हो गई। चंदेनी गांव में घर गिरने से एक और बच्चे की मौत हुई, जबकि चार बच्चे घायल हो गए। पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड में कुछ जगहों पर बारिश हुई तो कहीं ओले गिरे। मुरादाबाद जिले में आंधी से पेड़ों की टहनियां टूटीं और कई जगह बिजली के खंभे गिर गए। बदायूं में भी अच्छी बारिश के साथ ओले पड़े। देर रात लखनऊ और आसपास के जिलों में तेज हवा के बाद हल्की बारिश शुरू हुई।
उत्तराखंड में नुकसान
उत्तराखंड के पिथौरागढ़, बागेश्वर और चंपावत जिलों में बारिश के साथ ओले गिरे। इससे फसलों को नुकसान पहुंचा। पिथौरागढ़ और बागेश्वर की कत्यूर घाटी में 100 से 200 ग्राम वजन के ओले गिरे, जिनसे कई वाहनों के शीशे, हेडलाइट और खिड़कियां टूट गईं। सब्जियों और फलों को भी नुकसान हुआ। अच्छी बात यह रही कि जंगलों में लगी आग बुझ गई।
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों में ओले, आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाओं के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
उड़ानों पर असर
दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर खराब मौसम के कारण 11 उड़ानों को जयपुर, लखनऊ और चंडीगढ़ डायवर्ट किया गया। बाद में इन्हें दिल्ली लाया गया। कुछ उड़ानों को लखनऊ भी भेजा गया। बेंगलुरु से दिल्ली आ रहे एक एअर इंडिया विमान में एक यात्री की तबीयत बिगड़ गई, जिसकी लैंडिंग लखनऊ में कराई गई। यात्री को एंग्जाइटी की समस्या थी। 11 यात्रियों ने अपनी यात्रा रद्द कर दी।
कलिम्पोंग में पानी का कहर
पश्चिम बंगाल के कलिम्पोंग जिले में तेज हवाओं और भारी बारिश से जलभराव हो गया। हाट बाजार, 9वां मील और 10वां मील इलाकों में साइकिल और स्कूटर पानी में बह गए। लोगों में चिंता है कि अगर बारिश जारी रही तो और परेशानी हो सकती है।
















