पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत की राजधानी क्वेटा में रविवार को बहुत ही भीषण धमाके की घटना सामने आई है। ये धमका क्षेत्र के चमन फटक रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक के नजदीक ही हुई। इस धमाके की चपेट में आने से कम से कम 24 लोग मारे गए और 50 से ज्यादा घायल हो गए। धमाका उस ट्रेन को निशाना बनाकर हुआ था जिसमें पाकिस्तानी सेना के जवान थे।
क्या है पूरा मामला
रिपोर्ट्स के अनुसार, बताया जाता है कि यह धमाका क्वेटा में रेलवे ट्रैक के पास हुआ। पुलिस के मुताबिक, इससे ट्रेन को आंशिक नुकसान पहुंचा और आसपास खड़ी कम से कम 10 गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं। धमाके की तीव्रता इतनी थी कि आसपास की इमारतों के शीशे और खिड़कियां चकनाचूर हो गईं। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। एएफपी के मुताबिक, मरने वालों में आर्मी के जवान भी शामिल हैं। क्वेटा बलूचिस्तान का मुख्य शहर है।
अस्पतालों में लगा आपातकाल
इस घटना के बाद क्वेटा के सरकारी अस्पतालों में आपातकाल घोषित कर दिया गया है। ज्यादा से ज्यादा डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ को बुलाया गया है, ताकि घायलों का ठीक से इलाज हो सके। कई घायल गंभीर हालत में हैं, इसलिए मेडिकल टीम पूरी तरह सक्रिय है।
इसे भी पढ़ें: अमेरिका में गूंजी थी ‘गदर’ की हुंकार, आज वहीं से उठ रहा भारत विरोधी नैरेटिव? जानिए करतार सिंह सराभा की कहानी
ट्रेन सेवा पर असर
वहीं रेलवे अधिकारियों ने बताया कि पेशावर जाने वाली जाफर एक्सप्रेस को क्वेटा रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया। यह सावधानी बरती गई ताकि कोई और खतरा न हो। धमाके के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
अधिकारी क्या कह रहे हैं
प्रांतीय गृह मंत्री के प्रवक्ता बाबर यूसुफजई ने कहा कि सभी संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे धमाके वाली जगह के आसपास भीड़ न लगाएं, ताकि रेस्क्यू और इमरजेंसी टीमें अपना काम बिना किसी रुकावट के कर सकें। धमाके के तुरंत बाद सुरक्षा बल और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
गौरतलब है कि बलूचिस्तान प्रांत में इस तरह की घटनाएं पहले भी हुई हैं। क्वेटा इलाका संवेदनशील माना जाता है। इस बार ट्रेन में सैन्यकर्मी थे, इसलिए धमाका उनके निशाने पर हुआ लगता है। अभी तक किसी संगठन ने इसकी जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन जांच जारी है।

















