दिल्ली में लाल किले के पास हुए बम ब्लास्ट के मामले में एनआईए ने अपनी चार्जशीट दाखिल की है। एजेंसी ने इस आतंकी हमले का मुख्य आरोपी उमर-उन-नबी को बनाया है। चार्जशीट में बताया गया है कि उसने कैसे योजना बनाई, कहां-कहां रुका और क्या-क्या सावधानियां बरतीं।
चार्जशीट के अनुसार, उमर-उन-नबी का असल इरादा चांदनी चौक स्थित लाल मंदिर के पास कार खड़ी करके विस्फोट करने का था। लेकिन वहां भारी ट्रैफिक और पुलिस की मौजूदगी देखकर वह अपनी योजना नहीं लागू कर सका। उसने कार घुमाई और लाल किले की तरफ चला गया।
सीसीटीवी फुटेज में क्या दिखा
सीसीटीवी में साफ दिखता है कि 10 नवंबर की शाम 6:37 बजे उमर लाल मंदिर के पास कार पार्क करने की कोशिश कर रहा था। हालात अनुकूल न मिलने पर उसने यू-टर्न लिया। करीब 13 मिनट बाद शाम 6:50 बजे लाल किले के गेट नंबर चार के पास विस्फोट हो गया। एनआईए ने इसे दिल्ली में पहला वाहन आधारित आईईडी हमला बताया है।
जूते में छिपा था रिमोट
चार्जशीट के मुताबिक उमर ने आईईडी को रिमोट कमांड सिस्टम से विस्फोट किया। यह सिस्टम उसके एक जूते में लगा था। कार के पास मिला जूता और उसकी एड़ी से जुड़ा धातु का टुकड़ा फोरेंसिक जांच में भेजा गया। उसमें टीएटीपी, पोटैशियम और अमोनियम नाइट्रेट मिला। कार से मिले नमूनों का डीएनए उमर के माता-पिता से मिला, जिससे उसकी पहचान पक्की हुई।
इसे भी पढ़ें: Aaj Ka Mausam: दिल्ली-UP से बिहार और MP तक बदलेगा मौसम, 15 राज्यों में बारिश का अलर्ट
कमरे को ठंडा रखता था
जांच में पता चला कि उमर विस्फोटक को सुरक्षित रखने के लिए अपने कमरे को बहुत ठंडा रखता था। कमरे से दुर्गंध भी आती थी। उसने तैयार टीएटीपी को सुरक्षित रखने के लिए पानी भरने वाले बैग खरीदे थे। गवाहों ने बताया कि विस्फोटक मिश्रण को स्थिर रखने के लिए उसमें नियमित रूप से पानी डाला जाता था।
पुलिस ने की कार्रवाई के बाद उमर नूंह में एक घर में छिपा था। वहां के मकान मालिक की महिला सदस्य ने बताया कि वह बाहर जाकर पेशाब नहीं करता था। वह पेशाब को पॉलीथीन में जमा कर लेता था, जिससे कमरे में बदबू फैलने लगी थी। जांच में एक दस्तावेज भी मिला है, जिसमें यूरिया नाइट्रेट आधारित विस्फोटक बनाने की विधि बताई गई थी। उसमें यूरिया का स्रोत पेशाब से यूरिया निकालने का विकल्प भी लिखा था।
गौरतलब है कि लाल किला विस्फोट में 11 लोगों की मौत हुई और 29 लोग घायल हुए थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हाई-इंटेंसिटी ब्लास्ट वेव बताया गया था। आसपास की इमारतों को करीब 17.7 लाख रुपये का नुकसान हुआ था।
















