प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपशब्द कहे जाने पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। महोबा जनपद में भाजपा जिला कार्यसमिति सदस्य नीरज कुमार रावत ने अजय राय सहित 30 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
महोबा जनपद के कोतवाली थाने में पुलिस ने वैमनस्य फैलाने, बिना अनुमति के भीड़ जुटाने, सरकारी काम में बाधा पहुंचाने, रास्ता बाधित करने के आरोप में अभियोग पंजीकृत किया है। अजय राय शुक्रवार को महोबा में पहुंच कर कथित गैंगरेप और अपहरण पीड़ित नीट की छात्रा से मिले थे। अजय राय ने वापस जाते समय अपनी कार में बैठकर पीएम मोदी, महोबा एसपी शशांक सिंह और अन्य लोगों के बारे में अपशब्दों का प्रयोग किया था।
इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद नीरज रावत ने महोबा कोतवाली में लिखित शिकायत की थी।तहरीर में कहा गया है कि कांग्रेस सचिव ब्रजराज अहिरवार ने बिना अनुमति के अजय राय को उनके मोहल्ले में रहने वाले राजकुमार अहिरवार के घर बुलाया। काफिले की गाड़ियों को अस्त-व्यस्त तरीके से लगा दिया जिससे आम रास्ता जाम हो गया। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष द्वारा पीएम मोदी पर अभद्र टिप्पणी की गई। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है।
















