कांग्रेस लगता है कि अब गालीबाज पार्टी बनती जा रही है। संवैधानिक पद पर आसीन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राहुल गांधी ने गत दिनों गद्दार कहा था। अब उनके सिपहसालार यानी यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय का एक वीडियो वायरल हुआ है। जिसमें वह मोदी जी के प्रति अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। इस पर भाजपा ने कड़ा ऐतराज जताया है।
राजनीति में कुछ शुचिता भी होती है। कांग्रेस में यह शुचिता अब खत्म होती जा रही है। कुछ महीने पहले बिहार चुनाव में भी प्रधानमंत्री मोदी जी की दिवंगत मां को गाली दी गई थी। अब अजय राय का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें वह प्रधानमंत्री के प्रति अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। खास बात यह है कि मोदी जी ने कुछ दिनों पहले ही उनके स्वास्थ्य को लेकर कुशलक्षेम पूछा था। अजय राय ने इतना भी ख्याल नहीं किया। हालांकि इस वीडियो पर अजय राय का कहना है कि यह एआई जनरेटेड वीडियो है, लेकिन भाजपा ने उनके इस तर्क को नकार दिया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने क्या कहा
इस पूरे मामले पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के विषय में उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा की गई अभद्र, असंसदीय और अक्षम्य टिप्पणी कांग्रेस के राजनीतिक कुसंस्कारों को प्रकट करती है। पूर्व में कांग्रेस के ‘युवराज’ भी अपने कुसंस्कार का परिचय दे चुके हैं। कांग्रेस अब हताशा, निराशा, कुंठा और मानसिक दिवालियेपन के शीर्ष स्तर पर पहुंच चुकी है। अब देश वासियों से क्षमा मांगने लायक भी स्थिति उनकी नहीं रही है।
गांधीवादी नहीं, गालीवादी कांग्रेस
भाजपा के प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा कि कांग्रेस को शर्म आनी चाहिए। कांग्रेस की भाषा घटिया है और उसने मर्यादा की सभी रेखाएं पार कर दी हैं। भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने कहा कि यह गांधीवादी कांग्रेस नहीं गालीवादी कांग्रेस बन चुकी है। इसलिए राहुल गांधी ने पहले प्रधानमंत्री को गद्दार कहा… और अब उन्हीं के निर्देश पर जिस तरह की भाषा अजय राय ने इस्तेमाल की है। 150 से अधिक गालियां प्रधानमंत्री को, उनके समाज, उनके परिवार, उनके माता-पिता को दी गई, यह इसलिए किया जाता है क्योंकि उनके पास प्रधानमंत्री के खिलाफ कोई असली मुद्दा नहीं है। एक तरफ अजय राय जब बीमार होते हैं तो प्रधानमंत्री उनका हाल-चाल पूछते हैं लेकिन दूसरी तरफ वे ऐसी भाषा का इस्तेमाल करते हैं।
राहुल के नेतृत्व में कांग्रेस पूरी तरह संस्कारहीन हुई
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने अजय राय की भाषा पर कड़ा ऐतराज जताया। उन्होंने कहा कि अजय राय द्वारा प्रधानमंत्री के लिए जिस तरह की अमर्यादित और निम्न स्तर की भाषा का इस्तेमाल किया गया, वह न सिर्फ शर्मनाक है बल्कि यह दर्शाता है कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पूरी तरह संस्कारहीन और दिशाहीन हो चुकी है। राहुल गांधी और कांग्रेस को यह समझना चाहिए कि प्रधानमंत्री पद किसी व्यक्ति का नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों के सम्मान का प्रतीक है। जिस पद का सम्मान पूरा विश्व करता है, कांग्रेस उसी पद की गरिमा को लगातार ठेस पहुंचाने का काम कर रही है। देश की जनता अब समझ चुकी है कि एक तरफ मोदी जी की सेवा, संवेदनशीलता और राष्ट्र निर्माण की राजनीति है, जबकि दूसरी तरफ राहुल गांधी और कांग्रेस की नकारात्मक, अहंकारी और स्तरहीन राजनीति। आने वाले समय में जनता ऐसे अपमानजनक व्यवहार का लोकतांत्रिक तरीके से करारा जवाब देगी।
क्या कांग्रेस विचार शून्य हो चुकी है
जनता एक के बाद एक कई चुनावों में यह बता चुकी है कि कांग्रेस का विश्वास उसके ऊपर से उठ चुका है। यह भी बड़ा सवाल है कि क्या कांग्रेस के पास विचार नहीं रह गए हैं ? यह झुंझलाहट, खीज और गालियां यह संकेत दे रही हैं कि क्या कांग्रेस के पास से मुद्दे खत्म हो चुके हैं।

















