उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से एक छेड़छाड़ की घटना सामने आई है। यह मामला मुगलपुरा थाना क्षेत्र के बरबलान इलाके का है। यहां एक महिला के साथ दिनदहाड़े सरेराह छेड़छाड़ की गई। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामला और भी गंभीर हो गया और पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी।
सीसीटीवी में कैद घटना
जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला बुर्का पहनकर अपने रोजमर्रा के काम के लिए गली से गुजर रही थी। उसके हाथ में एक बैग भी था। सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि एक युवक, जिसने सिर पर टोपी पहन रखी थी, काफी देर तक महिला का पीछा करता है। फिर अचानक वह पीछे से उसके पास पहुंचता है और उसे पकड़ लेता है। महिला इस अचानक हुई घटना से डर जाती है और जोर-जोर से चिल्लाने लगती है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने उसके साथ गलत हरकतें भी कीं और उसे खींचने की कोशिश की।
वीडियो वायरल होने पर लोगों में आक्रोश
महिला के विरोध के बाद आरोपी घबरा गया और मौके से भागने लगा। इस दौरान महिला ने भी उसका पीछा किया और मदद के लिए आवाज लगाती रही। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में गुस्सा फैल गया और आरोपी को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी की पहचान एक मौलाना के रूप में बताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी हुई है।
आरोपी गिरफ्तार
घटना के बाद महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी और देर रात कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि गुरुवार रात करीब 11 बजे पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

















