मध्य प्रदेश के उज्जैन में सिंहस्थ 2028 के लिए चल रहे निर्माण कार्य के दौरान महाकालेश्वर मंदिर के पास खुदाई करते समय एक विशाल शिवलिंग मिला है।शिवलिंग मिलने के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ इसे देखने के लिए पहुंची। महिलाओं ने शिवलिंग पर जल चढ़ाया और पूजा-अर्चना की। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें खुदाई के दौरान शिवलिंग को निकालते हुए देखा जा सकता है।
भस्म आरती के समय मिला शिवलिंग
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मध्य प्रदेश के उज्जैन में सिंहस्थ कुंभ 2028 के लिए महाकाल मंदिर के पास निर्माण कार्य चल रहा है। इस दौरान गुरुवार (30 अप्रैल) को महाकालेश्वर मंदिर परिसर के पास खुदाई करते समय एक विशाल शिवलिंग मिला। मंदिर के पुजारी आकाश शर्मा ने मीडियाकर्मियों को बताया, “आज मंदिर परिसर के पास खुदाई के दौरान जब ‘भस्म आरती’ चल रही थी, तब हमें एक शिवलिंग मिला। पूरा परिसर बाबा महाकाल का है, यहां कण-कण में शिव विराजते हैं। आज शिवलिंग के दर्शन करना बहुत शुभ है। हम सब यहां आए, बाबा के दर्शन किए और शिवलिंग पर जल चढ़ाया।”
महाकालेश्वर मंदिर के असिस्टेंट एडमिनिस्ट्रेटर आशीष फलवाडिया ने कहा, “निर्माण कार्य के दौरान प्रीपेड बूथ के पास खुदाई करते समय हमें एक बड़ा शिवलिंग मिला। फिलहाल काम धीमा कर दिया गया है। अगर फिर से ऐसी और कलाकृतियां मिलती हैं, तो जरूरी कदम उठाए जाएंगे। हम सावधानीपूर्वक काम कर रहे हैं। देखते हैं हमें और क्या मिलता है।”
वीडियो देखने के बाद यूजर्स बोले हर हर महादेव
शिवलिंग मिलने का वीडियो सामने आने के बाद यूजर्स ने कमेंट सेक्शन में हर हर महादेव और जय महाकाल के नारे लगाए।
















