उत्तर प्रदेश के कांग्रेस मुख्यालय में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष ममता चौधरी के समर्थकों के बीच जमकर हंगामा हुआ। गत रविवार को कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा को पदभार ग्रहण करना था। इस अवसर पर अजय राय और उनके समर्थक भी प्रदेश कार्यालय पहुंचे थे। इसी दौरान ममता चौधरी के समर्थकों से विवाद हो गया। विवाद होने के बाद पार्टी कार्यालय में जमकर हंगामा हुआ। अजय राय के समर्थकों ने हाथ में जूता लेकर के ममता चौधरी के समर्थकों का विरोध किया। काफी मशक्कत के बाद दोनों पक्षों को शांत कराया गया।
प्रदेश कार्यालय में मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पदभार ग्रहण करने की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय जब वहां पर पहुंचे तो उनके समर्थकों ने कुछ लोगों से कहा, ” अध्यक्ष जी निकल रहे हैं थोड़ा रास्ता दे दीजिए।” इस पर ममता चौधरी ने कहा कि कौन से अध्यक्ष? ऐसा माना जा रहा है कि ममता चौधरी की तरफ से जानबूझकर के यह व्यंग्य किया गया था। उसके बाद अजय राय के समर्थकों और ममता चौधरी के समर्थकों में विवाद शुरू हो गया।
अजय राय के गंभीर आरोप
अजय राय ने आरोप लगाया है कि ममता चौधरी के समर्थकों ने उनके खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया है और अनुशासनहीनता की। अजय राय ने इस प्रकरण को लेकर के कांग्रेस के उच्च नेताओं से इसकी शिकायत की और ममता चौधरी को पार्टी से निष्कासित करने की मांग की है।
जबकि कांग्रेस नेता ममता चौधरी ने कहा कि उस समय उन्हें समझ ही नहीं आया कि क्या हो रहा था। महिलाएं आराधना मिश्रा के स्वागत के लिए पहुंची थीं। तभी आराधना मिश्रा और अजय राय भी पहुंचे। इन लोगों के आने पर सभी महिलाओं ने रास्ता खाली कर दिया था। अचानक पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने मुझसे कहा कि हद में रहो। अजय राय के समर्थकों ने महिलाओं को चप्पल जूते दिखाएं और मारपीट शुरू कर दी। ममता चौधरी का आरोप है कि प्रदेश कार्यालय में यह एक झड़प की घटना नहीं है बल्कि पुरुषों ने महिलाओं के ऊपर हमला किया है।
कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय पर हुए इस हंगामा को लेकर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि बड़ी पार्टी में इस तरह की घटनाएं होती रहती हैं।











