दिल्ली-NCR में सोमवार सुबह हुई तेज बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया। सुबह-सुबह हुई बारिश और तेज हवाओं से लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन कई इलाकों में जलभराव की समस्या भी देखने को मिली। सड़कों पर पानी भरने से लोगों को आने-जाने में परेशानी हो सकती है। मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी किया। साथ ही लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
दिल्ली में कहां हुई सबसे ज्यादा बारिश?
सोमवार तड़के दिल्ली के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हुई। आरके पुरम, कर्तव्य पथ, मध्य दिल्ली, दक्षिण-पूर्वी दिल्ली और पश्चिमी दिल्ली के कुछ हिस्सों में बारिश का असर देखने को मिला। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, सुबह साढ़े पांच बजे तक पूसा में सबसे ज्यादा 40.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं, सफदरजंग में 39.6 मिलीमीटर, नारायना में 38 मिलीमीटर, पालम में 30.2 मिलीमीटर और जनकपुरी में 29 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। दिल्ली एयरपोर्ट पर भी करीब 30 मिलीमीटर बारिश हुई। मौसम विभाग ने सुबह नौ बजे तक दिल्ली में भारी बारिश, बिजली कड़कने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी थी। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका जताई गई थी। तेज बारिश के कारण सड़कों पर पानी भरने और यातायात प्रभावित होने का खतरा भी बना रहा।
दिल्ली के साथ हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी बारिश की चेतावनी जारी की गई। हरियाणा के गुरुग्राम, फरीदाबाद, रोहतक और सोनीपत में ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ। वहीं, उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद, नोएडा, मेरठ, हापुड़, बागपत, बिजनौर और बुलंदशहर समेत कई जिलों में भी मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई। IMD ने लोगों से अपील की है कि वे खराब मौसम के दौरान पेड़ों और कमजोर ढांचों के नीचे खड़े होने से बचें। जलभराव वाली सड़कों पर जाने से बचें और बाहर निकलने से पहले यातायात की स्थिति जरूर जांच लें। मौसम विभाग की ताजा जानकारी पर नजर रखें, ताकि किसी भी परेशानी से बचा जा सके।













