मध्य प्रदेश के उज्जैन में एक हिंदू छात्रा ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों और हिंदूवादी संगठनों ने मुस्लिम छात्र पर लव जिहाद का आरोप लगाते हुए छात्रा का शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया। परिजन का कहना है कि मुस्लिम छात्र ने उनकी बेटी को धमकाया और शिक्षक ने उसे स्कूल आने से रोका, जिसकी वजह से उसने जहर खाकर अपनी जान दे दी। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी के मकान पर कार्रवाई की मांग को लेकर नारेबाजी की। अधिकारियों ने आरोपी के मकान के ऊपर का अवैध हिस्सा ध्वस्त कर दिया।
मानसिक तनाव में थी छात्रा
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना भाटपचलाना थाना क्षेत्र की है। 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली हिंदू छात्रा ने सोमवार (7 सितंबर) को स्कूल से घर आकर जहर खा लिया था। अगले दिन मंगलवार को उसकी मौत हो गई। परिजनों और हिंदू संगठन से जुड़े लोगों ने छात्रा के साथ पढ़ने वाले एक मुस्लिम युवक पर लव जिहाद का आरोप लगाया है। प्रदर्शनकारियों ने करीब दो घंटे तक छात्रा का शव सड़क पर रखकर चक्काजाम किया। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। परिजनों के मुताबिक, स्कूल में पढ़ने वाला एक मुस्लिम युवक उसे लगातार परेशान कर रहा था। आरोप है कि शिकायत करने पर शिक्षक ने भी छात्रा को डांटा और स्कूल आने से मना किया। इससे वह मानसिक तनाव में रहने लगी।
आरोपी के घर चला बुलडोजर
मौके पर पहुंचे विधायक जितेंद्र पंड्या ने मीडियाकर्मियों से कहा कि बेटी के साथ न्याय होना चाहिए, जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। परिवार वालों की जो भी मांगे हैं प्रशासन उसे पूरा करेगा। इसके बाद आरोपी के घर के ऊपर का अवैध हिस्सा बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया।

















