मध्य प्रदेश में रहने वाले लोगों के लिए मौसम को लेकर एक बार फिर अहम अपडेट सामने आया है। पिछले कुछ दिनों की तेज बारिश के बाद अब राहत के संकेत जरूर मिल रहे हैं, लेकिन मानसून की विदाई से पहले मौसम पूरी तरह शांत नहीं हुआ है। प्रदेश के कई हिस्सों में आज बादल छाने के साथ हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है। ऐसे में लोगों को मौसम का मिजाज देखकर ही घर से निकलने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
आज कई जिलों में बारिश के आसार
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार सोमवार, 28 सितंबर को भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, धार, मुरैना, रीवा, सिंगरौली, नर्मदापुरम, पांढुर्णा, ग्वालियर, गुना और बालाघाट समेत प्रदेश के कई जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ तेज झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने 30 सितंबर तक प्रदेश में गरज-चमक और तेज हवाओं की गतिविधि जारी रहने का अनुमान जताया है। ऐसे मौसम में लोगों को पेड़, बिजली के खंभों, टिन शेड और कमजोर निर्माण वाली जगहों से दूरी बनाए रखने की जरूरत है। सितंबर का महीना खत्म होने के साथ ही मध्य प्रदेश में मानसून अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ रहा है। आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियों में कमी आने के साथ सुबह और रात के तापमान में भी बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम साफ होने के बाद हल्की ठंडक का अहसास बढ़ने की संभावना है।
पिछले 24 घंटे में खरगोन में प्रदेश का सबसे अधिक तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं धार में न्यूनतम तापमान 17.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बीते दिनों हुई भारी बारिश के कारण मंडला समेत कई इलाकों में नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया था। मंडला शहर के कुछ हिस्सों में नर्मदा का पानी रिहायशी क्षेत्रों तक पहुंच गया था। हालांकि रविवार को बारिश कमजोर पड़ने के बाद जलस्तर में सुधार हुआ है और फिलहाल हालात सामान्य बताए जा रहे हैं। आने वाले दिनों में भारी बारिश की संभावना कम है। हालांकि गरज-चमक और तेज हवाओं को देखते हुए लोगों को स्थानीय मौसम अपडेट पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी जाती है।














