कोलकाता । पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण में लोकतंत्र का जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। शाम पांच बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, राज्य में 89.99 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। सुबह सात बजे से ही मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें देखी गईं, जो शाम छह बजे तक जारी रहीं।
पूर्वी बर्धमान में सबसे अधिक, कोलकाता दक्षिण में सबसे कम वोटिंग
चुनाव आयोग से प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक, पूर्वी बर्धमान जिले में शाम पांच बजे तक सबसे अधिक 92.46% मतदान दर्ज किया गया। वहीं, कोलकाता दक्षिण जिला 86.11% के साथ सबसे पीछे रहा। अन्य प्रमुख जिलों का हाल इस प्रकार है:
- हुगली : 90.34%
- नदिया : 90.28%
- उत्तर 24 परगना : 89.74%
- हावड़ा : 89.44%
- कोलकाता उत्तर : 87.77%
बंगाल चुनाव में बड़ा बवाल, EVM पर BJP के बटन को टेप से ढकने का आरोप
भवानीपुर में हाई-वोल्टेज ड्रामा
इस चरण की सबसे हॉट सीट भवानीपुर में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और भाजपा उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी के बीच सीधा मुकाबला है। यहां शाम 5 बजे तक 85.51% मतदान हुआ। मतदान के दौरान कालीघाट इलाके में तनाव की स्थिति देखी गई, जब शुभेंदु अधिकारी के पहुंचते ही टीएमसी कार्यकर्ताओं ने ‘जय बंगला’ के नारे लगाए।
बंगाल चुनाव में इंडी गठबंधन की हकीकत उजागर, एक-दूसरे का कर रहे विरोध
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए अधिकारी ने कहा, “मुस्लिम ‘जय बंगला’ के नारे लगा रहे हैं, जबकि हिंदू भाजपा के साथ खड़े हैं।”
142 सीटों पर 1448 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर
दूसरे चरण में कुल 142 विधानसभा सीटों के लिए मतदान हुआ, जिसमें 1448 प्रत्याशी मैदान में हैं। सुरक्षा के लिहाज से चुनाव आयोग ने केंद्रीय बलों की 2,407 कंपनियां तैनात की हैं। इस चरण में 3.22 करोड़ से अधिक मतदाताओं ने अपने भविष्य का फैसला किया है। खास बात यह रही कि 8845 मतदान केंद्रों का प्रबंधन पूरी तरह महिलाओं के हाथों में था।
मिथुन चक्रवर्ती और फिल्मी हस्तियों ने डाला वोट
चुनाव के इस महापर्व में फिल्मी सितारों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। दिग्गज अभिनेता और भाजपा नेता मिथुन चक्रवर्ती काशीपुर-बेलगाछिया निर्वाचन क्षेत्र में वोट डालने पहुंचे। वहीं, टीएमसी उम्मीदवार राज चक्रवर्ती और उनकी पत्नी सुभाश्री गांगुली ने भी मतदान के बाद सोशल मीडिया पर नागरिकों को प्रेरित किया।
बता दें कि पहले चरण में 152 सीटों पर 93.19% मतदान हुआ था। अब सभी की निगाहें 4 मई पर टिकी हैं, जब दोनों चरणों की मतगणना होगी।















