लखनऊ । अलीगढ़ जनपद में पुलिस पर पथराव के मामले 18 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। अलीगढ़ जनपद के रोरावार थाना क्षेत्र के नौगवां अर्जुनपुर गांव में फिलहाल सन्नाटा पसरा हुआ है। इस गांव में भूमि संबंधी विवाद में मारपीट की घटना हुई थी।
पुलिस जब अभियुक्तों को गिरफ्तार करने पहुंची तो ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव कर दिया था।
इस घटना के बाद गांव में सन्नाटा है। पुलिस का कहना है कि गांव में हुए पथराव में कम से कम तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों में इंस्पेक्टर महेश चंद, सिपाही दीपक कुमार और पवन कुमार शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार पुलिस जमीन विवाद के बाद हुई हिंसा में शामिल मेहदी हसन को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही थी। पुलिस अधीक्षक (नगर) आदित्य बंसल का कहना है कि गत रविवार को दो परिवारों के बीच जमीन विवाद की घटना में मेहदी हसन फरार था। उसको गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम का कुछ ग्रामीणों ने विरोध किया। ग्रामीणों ने पथराव किया इसमें तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए।
इस दौरान कुछ लोगों ने मिलकर इंस्पेक्टर की सर्विस रिवॉल्वर भी छीन ली। उस सर्विस रिवाल्वर को बरामद कर लिया गया है। हिंसा में मुख्य अभियुक्त मेहदी हसन समेत 18 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
इस हिंसा में 38 अभियुक्तों को नामजद किया गया है। इस हिंसा में हत्या का प्रयास, सरकारी काम में बाधा डालने और हमला करने जैसी धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।











