वाराणसी । सिगरा थाना पुलिस ने शुक्रवार को एक युवती का कन्वर्जन कर दुष्कर्म करने के आरोपी मोहम्मद रुस्तम को श्रीराम कॉम्प्लेक्स के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता की माँ ने 21 अप्रैल को बेटी की गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई थी। 22 अप्रैल को पुलिस ने तलाश कर युवती को बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। बाद में जब युवती ने अपने माता-पिता को पूरी घटना बताई, तो मामला गंभीर पाया गया।
अभियुक्त के विरुद्ध सिगरा थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(1), 87, 123 तथा उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम, 2021 की धारा 3/5(1) के तहत पहले ही मुकदमा दर्ज किया जा चुका था।
23 अप्रैल को पीड़िता के माता-पिता द्वारा दी गई दूसरी तहरीर में घटनाक्रम को अत्यंत गंभीर बताया गया। पीड़िता के अनुसार, 21 अप्रैल को उसका भाई उसे विद्यालय छोड़कर चला गया था। कुछ देर बाद रुस्तम वहाँ पहुँचा और उसे बहला-फुसलाकर अंबेडकर नगर ले गया।
आरोप है कि वहाँ एक मजार पर उसे पानी में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया और उसका नाम बदलकर ‘आफरीन बानो’ रखकर जबरन कन्वर्जन कराया गया।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसी दिन अभियुक्त ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। इसके बाद वह उसे न्यायालय में शादी कराने के लिए ले गया, लेकिन पीड़िता के शोर मचाने पर वह मौके से फरार हो गया।
सिगरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

















