उत्तर प्रदेश पुलिस ने संदिग्ध आतंकी उबैद और जलाल को बिजनौर से गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही मेरठ के रहने वाले आकिब, मैजुल और आजाद को लुक आउट नोटिस जारी किया गया है। आकिब, मैजुल और आजाद ये तीनों सऊदी अरब में रहते हुए भारत के अंदर आतंकवादी गतिविधियों को संचालित करने का षड्यंत्र रच रहे हैं।
वायरल वीडियो से कथित भड़काऊ नेटवर्क व जांच का खुलासा
गत वर्ष नवम्बर माह में एक वायरल वीडियो से यह खुलासा हुआ कि सऊदी अरब में बैठकर आकिब, मैजुल और आजाद भारत के मुसलमान युवकों को भड़का रहे हैं और आतंकी गतिविधियों में शामिल होने के लिए उकसा रहे हैं। इस वायरल वीडियो में आकिब, आजाद और उबैद मलिक साफ-साफ दिखाई दे रहे थे। आकिब इस वीडियो में एके -47 और अन्य हथियारों को दिखा रहा था। वीडियो के आखिरी में उसने बड़ी ही चालाकी से इन हथियारों को खिलौना बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की थी। इस वीडियो के आधार पर पुलिस ने जब जांच पड़ताल की तो पाया कि सऊदी अरब में बैठ करके फेसबुक और इंस्टाग्राम के माध्यम से भारत के मुस्लिम युवकों का एक बड़ा नेटवर्क तैयार किया जा रहा है और उनको आतंकवादी गतिविधियों के लिए उकसाया जा रहा है।
सऊदी आधारित नेटवर्क पर भड़काने और आतंकी साजिश के आरोप
पुलिस ने बताया कि उबैद, नेपाल जाना चाहता था और उसको नेपाल में एक बड़ा नेटवर्क तैयार करने के लिए कहा गया था। सऊदी अरब में रह रहे षड्यंत्रकारियों ने उसे बताया था कि नेपाल में भारत समेत अन्य देशों में गतिविधियां संचालित करना आसान रहेगा। आकिब अपने वीडियो में एक-47 और ग्रेनेड जैसे हथियार दिखाकर देश के मुसलमानों को आतंकवादी गतिविधियों में शामिल होने के लिए लगातार उकसा रहा था। सऊदी अरब में रह रहा, आजाद फेसबुक, इंस्टाग्राम और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ऐसे वीडियो पोस्ट करता था जिसमें भड़काऊ भाषण दिए जाते थे और भारत के खिलाफ षड्यंत्र रचने के लिए उकसाया जाता था।
आतंकी नेटवर्क में भर्ती और ब्रेनवॉश का खुलासा
एडीजी कानून व्यवस्था अमिताभ यश ने बताया कि उबैद तीन साल पहले काम के सिलसिले में गुजरात गया था। गुजरात में जलाल हैदर से परिचय हुआ। जलाल हैदर ने ही वीडियो कॉल के माध्यम से दुबई में बैठे आकिब व मैजुल से उबैद की बात कराई थी। आकिब समेत बाकी आरोपी कट्टरपंथी और हिंसात्मक गतिविधियों का प्रचार कर रहे थे। देश विरोधी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए युवाओं की भर्ती की जा रही थी और संगठित नेटवर्क बनाया जा रहा था। युवाओं का ब्रेन वॉश कर देश में आतंकी गतिविधि अंजाम देने, सार्वजनिक संपति को नुकसान पहुंचाने, आगजनी करने के लिए उकसाया जा रहा था। वांछित अभियुक्त आजाद ने उबैद मलिक को नेपाल भागने की सलाह दी थी।















