खाड़ी युद्ध के बीच ईरान में गिरे अमेरिकी वायुसेना के फाइटर जेट के पायलट के रेस्क्यू ऑपरेशन की खबर देने के मामले में ट्रंप चिढ़ गए हैं। उन्होंने इस खबर को देने वाले पत्रकार को जेल भेजने की धमकी दी है। उनका कहना है कि इस खबर को लीक करने वाले को हम ढूंढ रहे हैं और उसे जेल भेजेंगे।
क्या है पूरा मामला
मामला कुछ यूं है कि 3 अप्रैल 2026 को शुक्रवार को एक अमेरिकी फाइटर जेट ईरान के ऊपर गिरा दिया गया। उसमें दो एयरमैन सवार थे। अमेरिकी रेस्क्यू टीम ने पहले एयरमैन को सफलतापूर्वक बचा लिया। दूसरे एयरमैन की रेस्क्यू ऑपरेशन तब भी चल रही थी। इसी बीच कुछ मीडिया आउटलेट्स ने पहले एयरमैन के बचाए जाने की खबर जारी कर दी। ट्रंप ने कहा कि इस खबर से दूसरे एयरमैन की रेस्क्यू ऑपरेशन की सुरक्षा को खतरा पैदा हो गया। हालांकि बाद में दूसरे एयरमैन को भी सुरक्षित बचा लिया गया।
ट्रंप का बयान
ट्रंप ने कहा, “हम पहले वाले के बारे में एक घंटे तक कुछ नहीं बोल रहे थे। फिर किसी ने लीक कर दिया। हम उस लीक करने वाले को ढूंढ रहे हैं।” उन्होंने आगे कहा, “हम उस मीडिया कंपनी के पास जाएंगे जिसने खबर जारी की और कहेंगे- नेशनल सिक्योरिटी, जानकारी दो वरना जेल जाओ।” ट्रंप ने यह भी बताया कि पहले एयरमैन के बचाए जाने की खबर आने के बाद ही लोगों को पता चला कि दूसरा एयरमैन भी गायब है। उन्होंने कहा कि रेस्क्यू टीम दोनों को बचाने में कामयाब रही और इसमें कोई कैजुअल्टी नहीं हुई।
किस-किस मीडिया चैनल ने इस खबर को चलाया
ट्रंप ने स्पष्ट रूप से किसी खास रिपोर्टर या मीडिया कंपनी का नाम नहीं लिया। कई आउटलेट्स ने इस खबर को कवर किया, जिनमें न्यूयॉर्क टाइम्स, सीबीएस न्यूज और एक्सियोस शामिल हैं। व्हाइट हाउस से पूछे जाने पर भी यह साफ नहीं हुआ कि ट्रंप किस रिपोर्टर की बात कर रहे थे।
ट्रंप ने हाल के हफ्तों में अपने सहयोगियों से शिकायत की थी कि ईरान युद्ध की मीडिया कवरेज बहुत नेगेटिव रही है। उन्होंने और उनके सहयोगियों ने कुछ न्यूज ऑर्गनाइजेशन्स की रिपोर्टिंग की आलोचना भी की है। यह घटना अमेरिकी सरकार और प्रेस के बीच तनाव को और बढ़ाती दिख रही है। ट्रंप ने पहले भी मीडिया पर सख्त रुख अपनाया है, लेकिन इस बार उन्होंने सीधे जेल की धमकी दी।

















