खाड़ी में युद्ध लगातार गहराता जा रहा है, जहां अमेरिका ने लगातार नौवीं बार ईरान में तबाही मचाई है, तो वहीं ईरान भी अमेरिकी बेसों पर पलटवार कर रहा है। इसी क्रम में ईरान के द्वारा दागे गए ड्रोन को निष्क्रिय करते वक्त हुए धमाके में एक और अमेरिकी सैनिक की मौत हो गई। इससे दो दिन के अंदर ही तीन अमेरिकी सैनिक भी मारे जा चुके हैं।
अमेरिकी सेना का बयान
अमेरिकी सेना की सेंट्रल कमांड CENTCOM ने बताया कि उनके हमलों का मकसद स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में शिपिंग पर हो रहे हमलों से जुड़े ईरानी ठिकानों को कमजोर करना है। कमांड ने कहा कि 18 जुलाई को उत्तरी इराक में एक अमेरिकी सैनिक की मौत हो गई। यह सैनिक एक डाउन किए गए ईरानी ड्रोन के अनएक्सप्लोडेड ऑर्डनेंस को नियंत्रित तरीके से नष्ट कर रहा था। उसी ऑपरेशन में एक और अमेरिकी सैनिक को हल्की चोटें आई हैं, उसका इलाज चल रहा है।
परिवारों को सूचित करने तक दोनों सैनिकों के नाम नहीं बताए गए। इस घटना के साथ करीब पांच महीने के इस संघर्ष में मारे गए अमेरिकी सैनिकों की कुल संख्या 17 हो गई है।
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर फोकस
CENTCOM ने अलग से बताया कि ईरान पर ये नए हमले उन सैन्य क्षमताओं को निशाना बनाने के लिए हैं जो व्यावसायिक जहाजों और आम नाविकों पर हमले करते रहे हैं। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज दुनिया के सबसे व्यस्त और अहम शिपिंग रूट्स में से एक है। अमेरिका का कहना है कि ये कार्रवाई ईरान की समुद्री सुरक्षा को खतरे में डालने की क्षमता को कम करने का हिस्सा है।
इसे भी पढ़ें: ईराक-सीरिया क्रूड ऑयल पाइपलाइन: होर्मुज स्ट्रेट का विकल्प तैयार, तेल निर्यात को नई राह
ट्रंप का बयान
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ने ईरान पर “आज रात फिर बहुत जोरदार हमला” किया है।
ईरान में विस्फोटों की खबरें
हमलों के दौरान ईरान के कई इलाकों में विस्फोट और सैन्य गतिविधियां बढ़ने की रिपोर्ट आईं। ईरान की सेमी-ऑफिशियल मेहर न्यूज एजेंसी ने बताया कि दक्षिण-पूर्वी बंदरगाह शहर चाबहार में कई विस्फोट सुने गए। पास के शहर कोनारक में ईरानी एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय हो गए, हालांकि कारण या नुकसान की डिटेल्स तुरंत नहीं दी गईं।
ईरान की सरकारी प्रेस टीवी ने दावा किया कि अमेरिकी हमलों में उत्तर-पश्चिमी शहर तबरीज को निशाना बनाया गया। अमेरिकी अधिकारियों ने इसकी पुष्टि नहीं की और ईरानी तरफ से हताहतों या नुकसान का आधिकारिक आकलन भी नहीं आया था।
वहीं ईरान की आईआरजीसी ने कहा कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के दक्षिणी रूट से गुजरने की कोशिश कर रहे दो ऑयल टैंकर उड़ाए गए।
बहरीन में सुरक्षा अलर्ट
तनाव बढ़ने के बीच बहरीन स्थित अमेरिकी दूतावास ने सुरक्षा अलर्ट जारी किया। इसमें कहा गया कि जानकारी मिली है कि ईरान बहरीन के सेंट्रल मनामा में कुछ जगहों को निशाना बना सकता है। दूतावास ने वहां रह रहे अमेरिकी नागरिकों को सतर्क रहने, लोकल अथॉरिटीज के निर्देशों का पालन करने और सुरक्षा अपडेट चेक करने की सलाह दी।

















