दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने कश्मीर के रहने वाली शब्बीर अहमद लोन नाम के एक शख्स को आज (सोमवार ) गिरफ्तार किया है। पता चला है कि वो पाकिस्तानी आतंकी संगठन लश्कर ए तैयबा का ट्रेंड आतंकी है। वह दिल्ली में हमला करने की साजिश रच रहा था। लेकिन उससे पहले ही एजेंसियों ने उसे दिल्ली बॉर्डर के पास दबोच लिया।
कौन है शब्बीर अहमद लोन
वह कश्मीर के श्रीनगर जिले के कंगन का रहने वाला है। उसे राजा और कश्मीरी नाम से भी जाना जाता है। वह करीब दो दशक से लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा हुआ है। उसने पाकिस्तान के मुजफ्फराबाद में लश्कर के आतंकवादी कैंप में बेसिक ट्रेनिंग (दौरा-ए-आम) और एडवांस ट्रेनिंग (दौरा-ए-खास) ली थी। उसके लश्कर के टॉप लीडरशिप से पुराने संपर्क हैं।
बांग्लादेश में रहकर आतंकी घटनाओं को देता था अंजाम
पुलिस का कहना है कि शब्बीर पिछले कई सालों से बांग्लादेश में रहकर काम कर रहा था। वहां से वह लश्कर की भारत विरोधी गतिविधियों को हैंडल कर रहा था। पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के निर्देश पर वह भारत में आतंकी साजिशें कोऑर्डिनेट कर रहा था। उसका काम था बांग्लादेशी नागरिकों को भर्ती करना, जिनमें कुछ भारत में अवैध रूप से रह रहे लोग भी शामिल थे, और उनके जरिए भारत में हमले करवाना। इसका मकसद पाकिस्तान की भूमिका को छिपाना था।
इसे भी पढ़ें: बिहार से बांग्लादेशियों-रोहिंग्याओं को पकड़कर बाहर करेंगे, केंद्र ने सभी जिलों को दिया निर्देश
2007 में भी हुआ था गिरफ्तार
बताया जाता है कि शब्बीर की पुरानी हिस्ट्री भी काफी लंबी है। साल 2007 में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने उसे पहली बार गिरफ्तार किया था। उस समय उसके पास भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद हुआ था, जिसमें एक एके-47 राइफल और ग्रेनेड भी शामिल थे। उस मामले में उसके लश्कर कमांडर जकी-उर-रहमान लखवी और जमात-उद-दावा चीफ हाफिज सईद से सीधे लिंक सामने आए थे। इसके बाद वह तिहाड़ जेल में 2018 तक बंद रहा। 2018 में उसे जमानत मिल गई। जेल से बाहर आने के बाद वह फिर बांग्लादेश पहुंच गया और वहां लश्कर के नेटवर्क को दोबारा खड़ा किया।
अब केंद्रीय एजेंसियों की मदद से पकड़ा गया है
अब दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने सेंट्रल एजेंसियों के साथ मिलकर उसे गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी दिल्ली बॉर्डर के पास हुई। पुलिस और एजेंसियां अभी उससे पूछताछ कर रही हैं। पूछताछ के जरिए उसके पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। साथ ही फंडिंग का स्रोत और भारत में संभावित टारगेट को जानने की कोशिश की जा रही है।
हाल ही में पकड़े गए कई लश्कर आतंकी
यह गिरफ्तारी उस वक्त हुई है जब कुछ दिन पहले ही सुरक्षा एजेंसियों ने दिल्ली और दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में लश्कर से जुड़े एक मॉड्यूल को पकड़ा था। उस मॉड्यूल ने दिल्ली और कोलकाता में भारत विरोधी पोस्टर लगाए थे।

















