कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) में नेतृत्व की नई जिम्मेदारी आजिंक्य शिंदे को सौंपने का ऐलान किया गया है। अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरव दास को एहितयात के तौर पर हिरासत में लेने के बीच अभिजीत दीपके का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। यह पहले से रिकॉर्ड किया गया वीडियो है। इसके इस घटनाक्रम के बाद शिंदे की भूमिका चर्चा में है,वह भी आम आदमी पार्टी में गहराई से जुड़े थे। आखिर कौन हैं आजिंक्य शिंदे और CJP के संगठनात्मक ढांचे को खड़ा करने में उनकी क्या भूमिका रही है?
अभिजीत दीपके के साथ पुराना जुड़ाव
आजिंक्य शिंदे और अभिजीत दीपके के संबंध आम आदमी पार्टी (AAP) में साथ काम करने के दौरान बने थे। शिंदे को दीपके का करीबी सहयोगी और मार्गदर्शक बताया जाता है। संगठन से जुड़े मामलों में उनकी सलाह और भागीदारी का जिक्र भी सामने आता रहा है। CJP के गठन के बाद शिंदे को राष्ट्रीय संगठन प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई थी। अभिजीत दीपके और पार्टी के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने एक वीडियो में उनकी भूमिका का उल्लेख किया था। CJP में आने से पहले शिंदे महाराष्ट्र में आम आदमी पार्टी के युवा विंग का नेतृत्व कर चुके हैं। इस दौरान उन्हें कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय, संगठन विस्तार और राजनीतिक गतिविधियों में भागीदारी का अनुभव मिला। बाद में अभिजीत दीपके के साथ उनका जुड़ाव CJP के संगठनात्मक कामकाज में भी दिखाई दिया। अभिजीत दीपके ने दावा किया था कि जंतर-मंतर पर NEET पेपर लीक के मुद्दे पर हुए आंदोलन की योजना बनाने और वहां जुटे लोगों के प्रबंधन में शिंदे की अहम भूमिका थी। दीपके के मुताबिक, CJP की राष्ट्रीय टीम तैयार करने में भी उन्होंने योगदान दिया।













