वाराणसी: नवरात्र के दौरान मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन के लिए विंध्याचल धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने विशेष परिवहन व्यवस्था की है। वाराणसी परिक्षेत्र के आठ डिपो से कुल 86 बसों का संचालन किया जाएगा, जिनमें 65 अतिरिक्त ‘पूजा स्पेशल’ बसें शामिल हैं।
नवरात्र में 86 बसें चलेंगी, हेल्पलाइन नंबर जारी
सामान्य दिनों में इस मार्ग पर करीब 21 बसें चलती हैं। नवरात्र के दौरान 11/12 अक्टूबर से 21 अक्टूबर तक बसों की संख्या बढ़ाकर 86 कर दी गई है। क्षेत्रीय प्रबंधक परशुराम पांडेय के अनुसार, श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है। अतिरिक्त बसों के संचालन से वाराणसी और आसपास के जिलों के यात्रियों को विंध्याचल पहुंचने में सुविधा होगी।
डिपो वार व्यवस्था के तहत जौनपुर से सबसे अधिक 20 अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। कैंट और काशी डिपो से 10-10, चंदौली और सोनभद्र से क्रमशः आठ और 10, गाजीपुर से दो तथा विंध्यनगर से पांच अतिरिक्त बसें संचालित होंगी। ग्रामीण डिपो की पहले से चल रही 12 बसें भी इस मार्ग पर चलती रहेंगी। श्रद्धालु बस सेवाओं और संचालन की जानकारी के लिए निगम के हेल्पडेस्क नंबर 8726005897 पर संपर्क कर सकते हैं।

















