अमृतसर के वेयरहाउसिंग मैनेजर आत्महत्या प्रकरण में एफआईआर व जांच में लीपापोती करती आ रही पंजाब सरकार की उस समय सिट्टी-पिट्टी गुम हो गई जब केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने पूरे प्रकरण की सीबीआई जांच करवाने की बात कही। इसके बाद पुलिस ने पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर को गिरफ्तार कर लिया। दूसरी ओर भुल्लर का दावा है कि उन्होंने आत्मसमर्पण किया है।
पंजाब के सांसद मिले अमित शाह से
पंजाब के सांसदों सुखजिंदर सिंह रंधावा, गुरजीत सिंह औजला, चरणजीत सिंह चन्नी और डॉ. धर्मवीर गांधी ने सोमवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात कर वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के मैनेजर जी.एस. रंधावा की दुखद मृत्यु को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की। बैठक के दौरान सांसदों ने संयुक्त रूप से केंद्र सरकार से अनुरोध किया कि कथित आत्महत्या की परिस्थितियों की गहन और निष्पक्ष जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो से कराई जाए।
भुल्लर गिरफ्तार
आम आदमी पार्टी के नेता और पंजाब के पूर्व परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर को सोमवार को वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के एक अधिकारी की मौत के मामले में गिरफ्तार किया गया। भुल्लर पर राज्य वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के एक अधिकारी गगनदीप सिंह रंधावा को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है। अमृतसर में पंजाब स्टेट वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के जिला प्रबंधक गगनदीप सिंह रंधावा ने शनिवार तड़के जहर खाकर अपनी जान दे दी थी।
पुलिस ने भुल्लर, पिता सुखदेव सिंह भुल्लर और निजी सहायक दिलबाग सिंह के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाना, आपराधिक धमकी और साझा इरादा के तहत मामला दर्ज किया।
पीड़ित परिवार ने सोमवार को राज्य सरकार को भुल्लर को गिरफ्तार करने के लिए 24 घंटे का ’अल्टीमेटम’ दिया था। रंधावा के परिवार ने पहले ही कह दिया है कि जब तक भुल्लर को गिरफ्तार नहीं किया जाता, वे पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार की अनुमति नहीं देंगे।
















