भारत में कैब सेवाओं की दुनिया में अब एक नया नाम जुड़ गया है। ओला, उबर और इनड्राइव जैसी बड़ी कंपनियों के बीच अब भारत टैक्सी नाम की एक नई कैब सर्विस की आधिकारिक शुरुआत हो चुकी है। खास बात यह है कि भारत टैक्सी देश की पहली को-ऑपरेटिव कैब सेवा है, जिसे सरकार के सहयोग से शुरू किया गया है। भारत टैक्सी को दिल्ली में आधिकारिक रूप से लॉन्च किया गया। इस ऐप का शुभारंभ केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने विज्ञान भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में किया। यह सेवा काफी समय से दिल्ली में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में चल रही थी, लेकिन अब इसे आम लोगों के लिए पूरी तरह खोल दिया गया है।
लॉन्च के बाद आई कुछ तकनीकी समस्याएं- भारत टैक्सी के लॉन्च के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने इस ऐप को डाउनलोड किया। हालांकि, शुरुआत में कुछ यूजर्स को ऐप खोलने और राइड बुक करने में परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोगों ने शिकायत की कि ऐप ठीक से काम नहीं कर रहा या बुकिंग पूरी नहीं हो पा रही है। इस पर सरकार और भारत टैक्सी से जुड़े अधिकारियों ने कहा है कि ये शुरुआती तकनीकी दिक्कतें हैं। जल्द ही सिस्टम को और मजबूत बनाया जाएगा, ताकि यूजर्स को बिना किसी परेशानी के सेवा मिल सके।
ड्राइवर नहीं, अब कहलाएंगे “सारथी”- भारत टैक्सी की सबसे बड़ी खासियत इसका ड्राइवर ओनरशिप मॉडल है। इस प्लेटफॉर्म से जुड़े ड्राइवरों को यहां ड्राइवर नहीं बल्कि “सारथी” कहा जाएगा। सरकार के अनुसार, भारत टैक्सी पर काम करने वाले सारथी ही इस प्लेटफॉर्म के असली मालिक होंगे। यानी यह किसी निजी कंपनी का ऐप नहीं है, बल्कि ड्राइवरों की भागीदारी से चलने वाली सेवा है। सबसे अहम बात यह है कि हर राइड का पूरा किराया सीधे सारथी के बैंक खाते में जाएगा। ओला और उबर की तरह कोई कमीशन नहीं काटा जाएगा। इससे ड्राइवरों की आमदनी बढ़ेगी और वे ज्यादा आत्मनिर्भर बन सकेंगे।
किसके द्वारा चलाई जा रही है भारत टैक्सी- भारत टैक्सी को किसी निजी कंपनी ने नहीं बनाया है। इसे सहकारिता मंत्रालय और नेशनल ई-गवर्नेंस डिवीजन ने मिलकर तैयार किया है। इसका संचालन सहकार टैक्सी को-ऑपरेटिव लिमिटेड द्वारा किया जाएगा। इसके अलावा एक विशेष काउंसिल भी बनाई गई है, जो पूरे सिस्टम की निगरानी करेगी और यह सुनिश्चित करेगी कि सेवा सही ढंग से काम करे।
भारत टैक्सी ऐप कैसे डाउनलोड करें- भारत टैक्सी का इस्तेमाल करना बिल्कुल आसान है, ठीक ओला और उबर की तरह। एंड्रॉइड यूजर्स इसे गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं। आईफोन यूजर्स इसे एप्पल ऐप स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं। यह ऐप हिंदी, अंग्रेजी, गुजराती और मराठी भाषा में उपलब्ध है, जिससे ज्यादा लोग आसानी से इसका इस्तेमाल कर सकें।
रजिस्ट्रेशन और राइड बुक करने का तरीका- भारत टैक्सी ऐप पर रजिस्ट्रेशन करने के लिए ऐप डाउनलोड करें। मोबाइल नंबर डालें। ओटीपी से वेरिफिकेशन करें। इसके बाद राइड बुक करने की प्रक्रिया इस तरह है- ऐप ओपन करें। पिकअप और ड्रॉप लोकेशन डालें। बाइक, ऑटो या कार का विकल्प चुनें। दिखाया गया किराया कंफर्म करें। राइड बुक होते ही लाइव ट्रैकिंग शुरू हो जाती है। नहीं होगी सर्ज प्राइसिंग की परेशानी। भारत टैक्सी की एक और बड़ी खासियत यह है कि इसमें सर्ज प्राइसिंग नहीं होगी। यानी पीक ऑवर्स में किराया नहीं बढ़ेगा, बारिश या ट्रैफिक के समय भी ज्यादा पैसे नहीं देने होंगे। दावा किया जा रहा है कि भारत टैक्सी का किराया दूसरी कैब सेवाओं की तुलना में कम हो सकता है, जिससे आम यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा। यात्रियों की सुरक्षा का पूरा ध्यान-
यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भारत टैक्सी ऐप में कई जरूरी फीचर्स दिए गए हैं- सभी सारथियों का पुलिस वेरिफिकेशन, लाइव लोकेशन शेयरिंग, इमरजेंसी और SOS बटन, ट्रस्टेड कॉन्टैक्ट जोड़ने की सुविधा।












