नई दिल्ली: भारत और अमेरिका के बीच लंबे समय से अटकी ट्रेड डील हो गई है। सोमवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ फोन पर बातचीत के बाद खुद व्यापार समझौते को लेकर जानकारी साझा की। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ पर एक पोस्ट लिखी और उसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की। ट्रंप ने कहा कि तत्काल प्रभाव से हमने अमेरिका और भारत के बीच एक व्यापार समझौते पर सहमति व्यक्त की है। भारत पर लागू 25 फीसटी टैरिफ को घटाकर 18 फीसदी कर दिया गया है।
ट्रंप ने मोदी को बताया अपना दोस्त और कम किया टैरिफ
ट्रंप ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी 30 मिनट की बातचीत हुई। इसके बाद यह फैसला लिया गया। ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना दोस्त बताया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी से मित्रता और सम्मान के चलते तत्काल प्रभाव से हमने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर सहमति जता दी है। इस डील के तहत भारत पर 25 फीसदी नहीं, सिर्फ 18 फीसदी टैरिफ लगेगा। जबकि भारत भी अमेरिकी वस्तुओं पर अपने टैरिफ जीरो करने की दिशा में आगे बढ़ेगा।
भारत पर कितना फीसदी लगेगा टैरिफ? US राजदूत ने साफ किया असमंझस
अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने ट्रंप-पीएम मोदी के बीच हुआ बातचीत का हवाला देते हुए साफ किया है कि भारत पर कुल 18 फीसदी ही टैरिफ लगेगा। दरअसल भारत पर अमेरिका ने पिछले साल अगस्त से 50 फीसदी टैरिफ लागू किया था। इससे पहले यह टैरिफ 25 फीसदी था। रूस से तेल खरीदने के कारण इसे 25 फीसदी बढ़ा दिया था। इस तरह कुल टैरिफ 50 फीसदी हो गया था।
पीएम मोदी बोले- मेड इन उत्पादों पर अब लगेगा 18 फीसदी टैरिफ…
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के पोस्ट के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि राष्ट्रपति ट्रंप से बात करके बहुत अच्छा लगा। यह जानकर खुशी हुई कि मेड इन इंडिया उत्पादों पर अब 18 फीसदी का कम टैरिफ लगेगा। इस ऐलान के लिए उनका 1.4 अरब जनता की ओर से धन्यवाद। पीएम मोदी ने कहा कि जब दो बड़ी अर्थव्यवस्थाएं और दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र एक साथ काम करते हैं तो अपार अवसर खुलते हैं। साथ ही पीएम मोदी ने कहा कि वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए राष्ट्रपति ट्रंप का नेतृत्व बेहद जरूरी है।
US राजदूत सर्जियो गोर की भी रही अहम भूमिका
इस डील के पीछे अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर की भी अहम भूमिका है। सर्जियो गोर ने 12 जनवरी को पद संभालने के बाद ही बेहद सकारात्मक बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि डील पर चर्चा की जाएगी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और भारतीय PM नरेंद्र मोदी के बीच दोस्ती सच्ची है और सच्चे दोस्त असहमत हो सकते हैं। लेकिन आखिर में वे हमेशा अपने मतभेदों को सुलझा लेंगे। भारत और अमेरिका के बीच टैरिफ पर गहमागहमी पिछले साल अप्रैल से शुरू हुई थी।

















