पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले मे सरहिंद के पास हुए बम विस्फोट की जिम्मेवारी प्रतिबंधित खालिस्तानी आतंकी संगठन खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स ने धमाके की जिम्मेदारी ली। उन्होंने एक लेटर वायरल कर लिखा कि वह पैसेंजर ट्रेन में भी धमाका कर सकते थे लेकिन हमारा मकसद किसी का नाजायज नुकसान करना नहीं था। यह सिर्फ एक ट्रेलर था। खालिस्तान बनने तक न हम चुप बैठेंगे और न ही सरकार को बैठने देंगे। हमारा संघर्ष चलता रहेगा।
ज्ञात रहे कि गणतंत्र दिवस से 48 घंटे पहले पंजाब में फतेहगढ़ साहिब के सरहिंद में रेलवे लाइन पर एक जोरदार धमाका हुआ। इस घटना में एक मालगाड़ी का इंजन क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि उसके पायलट को चोटें आई। सूत्रों के अनुसार, यह धमाका बेहद खतरनाक था। इसमें आरडीएक्स का इस्तेमाल होने का शक जताया जा रहा है।
यह घटना शुक्रवार रात उस समय हुई, जब लुधियाना की तरफ जा रही एक मालगाड़ी नई बिछाई गई रेल लाइन से गुजर रही थी। यह नई रेलवे लाइन विशेष रूप से मालगाडिय़ों के संचालन के लिए ही बनाई गई है, जिसे डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कहा जाता है।
मालगाड़ी का इंजन जैसे ही खानपुर फाटकों के पास पहुंचा, अचानक जोरदार धमाका हो गया। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि रेलवे लाइन का लगभग 12 फीट हिस्सा पूरी तरह से टूट गया। रेलवे ट्रैक और उसमें लगे स्लीपर के टुकड़े हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही रात में ही रेलवे की टीमें मौके पर पहुंची और ट्रैक को दुरुस्त किया।
पुलिस उच्चाधिकारियों ने लिया जायजा
शनिवार सुबह रोपड़ रेंज के डीआईजी नानक सिंह मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि इनपुट के हिसाब से नाकेबंदी की जा रही है। अभी इसे आतंकी हमला कहना मुश्किल होगा। जांच के बाद ही स्पष्ट होगा, फिलहाल इसे एक क्रिमिनल एक्टिविटी माना जा सकता है।
सुरक्षा बढ़ाई गई
उधर, घटना के बाद पंजाब के सभी रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई। पुलिस ने अभियान चलाकर संदिग्धों की तलाश ली। वहीं, दोपहर बाद ट्रैक को भी मालगाडिय़ों के लिए सुचारु कर दिया था।

















