फतेहगढ़ । पंजाब में बीती रात रेल लाइनों पर बम विस्फोट होने की खबर है। राज्य के सरहिंद क्षेत्र में रेलवे लाइन पर देर रात एक बड़ा धमाका होने की खबर सामने आई है। आशंका है कि यह धमाका आरडीएक्स से किया गया बताया जा रहा है। घटना रात करीब 11 बजे की है, जब एक मालगाड़ी फ्रेट कोरिडोर रेल लाइन से गुजर रही थी।
जानकारी के मुताबिक यह नई रेलवे लाइन विशेष रूप से मालगाडिय़ों के संचालन के लिए बनाई गई है। जैसे ही मालगाड़ी का इंजन खानपुर फाटकों के पास पहुंचा, तभी अचानक जोरदार धमाका हो गया। धमाके के कारण रेलवे लाइन का करीब 12 फीट हिस्सा पूरी तरह उड़ गया।
इस धमाके में मालगाड़ी के इंजन चालक को भी चोटें आई हैं। घायल चालक को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और रेलवे अधिकारियों को तुरंत सूचना दी गई।
बता दें कि बीती रात है पुलिस ने होशियारपुर से बब्बर खालसा के चार आतंकियों को आरडीएक्स युक्त आईईडी के साथ गिरफ्तार भी किया था। इसके अतिरिक्त अमृतसर में भी एक आतंकी काबू किया गया है। गणतंत्र दिवस नजदीक आने पर राज्य में आतंकी तत्व अति सक्रिय हो गए लगते हैं।

















