बरेली: इज्जतनगर क्षेत्र की रहने वाली एलएलबी की छात्रा का आरोप है कि उसके भाई, भाभियां और कुछ रिश्तेदार उस पर पढ़ाई छोड़ने और वकालत की प्रैक्टिस बंद करने का दबाव बना रहे हैं। महिला का यह भी आरोप है कि उसे पूर्व पति के साथ हलाला करने के लिए मजबूर किया गया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की गई। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एलएलबी की पढ़ाई कर रही है महिला
महिला इज्जतनगर क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। वह एलएलबी की पढ़ाई कर रही है और साथ ही प्रशिक्षु वकील के तौर पर प्रैक्टिस भी कर रही है। उसका कहना है कि वह पढ़ाई पूरी कर अपना करियर बनाना चाहती है, लेकिन परिवार के कुछ लोग इसके खिलाफ हैं। महिला ने पुलिस को बताया कि उसका एक छोटा भाई सऊदी अरब में रहकर मजदूरी करता है और अपनी मां के खर्च के लिए पैसे भेजता है। वहीं, उसके दो अन्य भाई और उनकी पत्नियां कथित तौर पर उसे और उसकी मां को मकान से बाहर निकालने का दबाव बना रहे हैं। इसको लेकर परिवार में पहले भी विवाद हो चुका है। पीड़िता के अनुसार, सात अगस्त को उसके भाई, भाभियां और रिश्ते के मामा समेत कुछ लोग उसके साथ विवाद करने लगे। आरोप है कि इसी दौरान उस पर पूर्व पति के साथ हलाला करने का दबाव बनाया गया। महिला ने इसका विरोध करते हुए कहा कि उसका पूर्व पति से तलाक हो चुका है और वह दोबारा ऐसा कोई कदम नहीं उठाना चाहती। आरोप है कि उसके इनकार के बाद परिवार के लोग नाराज हो गए और उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे।
महिला का आरोप है कि परिवार के लोगों ने उससे कहा कि उनके घर की महिलाएं पर्दे में रहती हैं और उसे भी उसी तरह रहना होगा। इसके साथ ही उस पर एलएलबी की पढ़ाई छोड़ने और वकालत की प्रैक्टिस बंद करने का दबाव बनाया गया। पीड़िता का कहना है कि वह अपने भविष्य को लेकर गंभीर है और किसी भी हालत में अपनी पढ़ाई और करियर नहीं छोड़ना चाहती। उसका आरोप है कि परिवार के लोग लगातार उस पर दबाव बना रहे हैं। महिला ने पुलिस को यह भी बताया कि उसके और उसकी मां के साथ पहले भी मारपीट की जा चुकी है। परिवार में विवाद बढ़ने के बाद उसने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। इज्जतनगर पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है और लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। एएसपी शिवम आशुतोष सिंह ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। फिलहाल पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है।

















