बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक विदेशी महिला को गलत तरीके से छूने के आरोप में ग्राउंड स्टाफ सदस्य को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान मोहम्मद अफ्फान के रूप में हुई है। पीड़िता दक्षिण कोरिया की नागरिक है। उसने आरोप लगाया है कि अफ्फान ने लगेज चेकिंग के बहाने पुरुष वॉशरूम के पास ले जाकर उसके साथ गलत हरकत की। महिला की शिकायत पर एयरपोर्ट सुरक्षा एजेंसियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। सीसीटीवी फुटेज से शिकायत की पुष्टि हुई है।
चेकिंग के बहाने गलत तरीके से छुआ
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना सोमवार (19 जनवरी) को हुई, जब महिला साउथ कोरिया जाने वाली फ्लाइट पकड़ने के लिए एयरपोर्ट पर थी। महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि इमिग्रेशन प्रक्रिया पूरी करने के बाद वह अपनी फ्लाइट पकड़ने के लिए टर्मिनल की ओर जा रही थी। तभी ग्राउंड स्टाफ सदस्य मोहम्मद अफ्फान उसके पास आया और उसकी टिकट चेक करने लगा। इसके बाद आरोपी ने महिला से कहा कि स्क्रीनिंग के दौरान आपके चेक-इन बैगेज से बीप की आवाज आई है, जिससे सुरक्षा संबंधी समस्या हो सकती है। स्टाफ मेंबर ने उसे बताया कि मेन सिक्योरिटी चेकपॉइंट पर वापस जाने में समय लगेगा, जिससे उसकी फ्लाइट भी छूट सकती है। इसी बात का बहाना बनाकर उसने अलग से चेकिंग करने पर जोर दिया और उसे पुरुषों के वॉशरूम के पास ले गया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि इस दौरान उसके मना करने के बावजूद अफ्फान ने उसे गलत तरीके से छुआ। जब उसने इसका विरोध किया और उससे दूर जाने की कोशिश की, तो उसने उसे गले लगाया, ‘थैंक यू’ कहा और वहां से चला गया।
CCTV फुटेज से हुई पुष्टि
पुलिस ने बताया कि घटना के तुरंत बाद विदेशी महिला ने अधिकारियों से संपर्क किया। इसके बाद एयरपोर्ट सिक्योरिटी और पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ग्राउंड हैंडलिंग कर्मचारी मोहम्मद अफ्फान को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी एयर इंडिया एसएटीएस में ग्राउंड स्टाफ का सदस्य है। यह कंपनी एयरपोर्ट पर ग्राउंड और कार्गो ऑपरेशन का काम संभालती है। पुलिस ने इस मामले की जांच के दौरान एयरपोर्ट के CCTV फुटेज देखे, जिसमें शिकायत की पुष्टि हुई। महिला के बयान और वीडियो के सबूत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर मोहम्मद अफ्फान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि घटना के सभी पहलुओं का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है। वहीं, इस घटना से एक बार फिर एयरपोर्ट पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

















