मौसम विभाग द्वारा 26 और 27 सितंबर को उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में जारी रेड अलर्ट को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के लोगों और पर्यटकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि रेड अलर्ट के समय गैर-ज़रूरी यात्रा से बचना चाहिए और अगर बहुत जरूरी हो तो मौसम और सड़क की स्थिति के बारे में जानकारी लेकर ही यात्रा करनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने टूरिस्ट से लैंडस्लाइड वाले और सेंसिटिव इलाकों में जाने से बचने और लोकल एडमिनिस्ट्रेशन की गाइडलाइंस को सख्ती से फॉलो करने की भी अपील की।
नदी-नालों और संवेदनशील इलाकों से रहें दूर
सीएम धामी ने कहा कि भारी बारिश के दौरान नदी-नालों, गाड़-गदेरों, बरसाती धाराओं और जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास न जाएं। तेज बहाव में उतरने या उसे पार करने का प्रयास बिल्कुल न करें। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका को देखते हुए संवेदनशील सड़कों और स्थानों पर विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। मुख्यमंत्री ने अभिभावकों से भी कहा कि वे बच्चों को नदी-नालों और अन्य जोखिम वाले स्थानों के आसपास न जाने दें।
सभी जिलाधिकारी 24×7 अलर्ट मोड पर
मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों को 24×7 अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी के साथ ही राहत एवं बचाव कार्यों की सभी तैयारियां दुरुस्त रखने को कहा गया है। राहत-बचाव दल, आवश्यक उपकरण, JCB और अन्य मशीनरी को रणनीतिक स्थानों पर तैयार रखने तथा विभागों के बीच लगातार समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
चारधाम मार्ग और पर्यटन स्थलों पर विशेष निगरानी
सीएम धामी ने नदी-नालों के जलस्तर, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, पर्वतीय मार्गों, चारधाम यात्रा मार्गों और प्रमुख पर्यटन स्थलों पर लगातार निगरानी रखने को कहा है। आवश्यकता पड़ने पर संवेदनशील क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। उन्होंने प्रदेशवासियों से घबराने के बजाय सतर्क रहने, मौसम विभाग और जिला प्रशासन की चेतावनियों का पालन करने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचित करने की अपील की। नैनीताल जिले में आज स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी गयी है।

















