नई दिल्ली: अयोध्या स्थित राम मंदिर परिसर में नमाज पढ़ने की कोशिश में पुलिस ने एक कश्मीरी को हिरासत में लिया है। वह राम मंदिर के निकास द्वार पर परकोटा के पास नमाज पढ़ने की कोशिश कर रहा था। आरोपी व्यक्ति की कुंडली खंगाली जा रही है और उससे पूछताछ जारी है। सुरक्षा एजेंसियों ने उसके बारे में जानकारी जुटाने के लिए कश्मीर पुलिस से भी संपर्क साधा है।
रामलला के दर्शन के बाद की नमाज पढ़ने की कोशिश
यह घटना शनिवार की है। सोपिया निवासी अबू अहमद शेख ने गेट डी-वन से राम मंदिर में प्रवेश किया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, वह 55 साल का है और उसने रामलला के दर्शन के बाद निकास द्वार से बाहर निकलते समय दक्षिणी परकोटे के पास नमाज पढ़ने की कोशिश की। श्रद्धालुओं को उसकी गतिविधि संदिग्ध लगी और उसे पकड़ लिया। उसकी पिटाई भी की गई और फिर उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
इस्लामिक नारे लगाने की बात भी आ रही है सामने
मीडिया रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि आरोपी कश्मीरी व्यक्ति ने इस्लामिक नारे भी मंदिर परिसर में लगाए। हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज में ऐसी कोई गतिविधि सामने नहीं आई है। एटीएस, सीआरपीएफ, पीएसी व सिविल पुलिस की खुफिया एजेंसियां अबू अहमद शेख से पूछताछ कर रही हैं। एसपी सुरक्षा बलरामाचारी दुबे के नेतृत्व में मंदिर परिसर को खंगाला गया। किसी भी तरह की कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
अयोध्या में अलर्ट घोषित
इस घटना के बाद अयोध्या में अलर्ट घोषित किया गया है। एसएसपी गौरव ग्रोवर का कहना है कि राम मंदिर परिसर में पकड़े गए कश्मीरी व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के जरिए उसकी हर एक गतिविधि की जांच की जा रही है।

















