अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की रकम को लेकर सामने आया कथित चोरी का मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है। जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे नए तथ्य सामने आ रहे हैं। अब जांच कर रही एसआईटी (विशेष जांच दल) की नजर मंदिर ट्रस्ट के बैंक खातों पर है। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि चोरी का मामला सामने आने के बाद बैंक खातों में पहले की तुलना में ज्यादा रकम जमा होने लगी है। इसी वजह से जांच एजेंसी इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
बैंक खातों में दिखा बड़ा अंतर
सूत्रों के अनुसार, पहले राम मंदिर ट्रस्ट के एसबीआई और पीएनबी बैंक खातों में रोजाना करीब 16 से 18 लाख रुपये जमा होते थे। लेकिन जांच शुरू होने के बाद यही राशि बढ़कर 24 से 26 लाख रुपये प्रतिदिन तक पहुंच गई। इस बड़े अंतर ने एसआईटी का ध्यान अपनी ओर खींचा है। अधिकारियों का मानना है कि यह बदलाव सामान्य नहीं है, इसलिए इसकी हर पहलू से जांच की जा रही है।
जांच में जुटी एसआईटी को शुरुआती जानकारी के आधार पर शक है कि पहले रोजाना 6 से 8 लाख रुपये तक की कथित गड़बड़ी हो सकती थी। हालांकि, अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांच एजेंसी सभी दस्तावेजों और सबूतों की जांच करने के बाद ही किसी नतीजे पर पहुंचेगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी ने एसबीआई के शाखा प्रबंधक समेत करीब 10 बैंक कर्मचारियों से पूछताछ की है। साथ ही बैंक से जुड़े जरूरी दस्तावेज और लेनदेन का रिकॉर्ड भी अपने कब्जे में लिया गया है। अब इन रिकॉर्ड की बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं जमा प्रक्रिया में कोई गड़बड़ी तो नहीं हुई।और सभी तथ्यों की सावधानी से पड़ताल की जा रही है।

















