अयोध्या में सिंधी समाज के राजू मनवानी ने 200 चांदी की ईंट श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को भेंट की थी। पिछले दिनों अयोध्या को लेकर चल रही तमाम प्रकार की अफवाहों के बीच राजू मनवानी ने दान में दी गई 200 चांदी की ईंटों के संबंध में जानकारी मांगी थी। ट्रस्ट ने राजू मनवानी को इसके संबंध जानकारी उपलब्ध करा दी। उसके बाद पूरी स्थिति स्पष्ट हो गई है।
200 चांदी की ईंटें पूरी तरह सुरक्षित
कुछ लोग इस बात के लिए भ्रमित हो गए थे कि उनके द्वारा दी गई दान में सोने और चांदी की बहुमूल्य वस्तुएं सुरक्षित है भी कि नहीं! राजू मनवानी की तरफ से श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को 200 चांदी की ईंटें भेंट में दी गई थी जो कि पूरी तरह सुरक्षित हैं। राजू मनवानी को जब यह पता लगा कि उनके द्वारा भेंट की गई 200 चांदी की ईंटें पूरी तरह सुरक्षित हैं तो उन्होंने पत्र लिखकर संतोष प्रकट किया है और यह भी लिखा है कि वह जल्द ही अपने समाज के लोगों के साथ भगवान श्री राम का दर्शन करने के लिए पहुंचेंगे।
दान प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी
राजू मनवानी ने कहा है कि सभी 200 दानदाताओं की ओर से चांदी की ईंटें तैयार कराने के लिए जौहरी को किए गए भुगतान की रसीदें भी उन्हें उपलब्ध करा दी गई हैं। इन कागजात से यह साफ हो गया है कि दान की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से की गई है। राजू मनवानी ने पत्र में लिखा है कि अब उन्हें इस मामले में किसी स्पष्टीकरण की जरूरत नहीं है। उनका उद्देश्य केवल दानदाताओं की जिज्ञासाओं का समाधान कराना था। अब वह जल्द ही सभी 200 दानदाताओं के साथ अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन करने के लिए पहुंचेंगे।
















