वेनेजुएला में अमेरिका ने हमला करके राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को काराकास से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद अब देश की उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज अगली राष्ट्रपति होंगी। इसके लिए वेनेजुएलन सुप्रीम कोर्ट ने आदेश जारी किया है।
अमेरिकी ऑपरेशन
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खुद इस कार्रवाई की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि अमेरिका अब वेनेजुएला को “अस्थायी रूप से चलाएगा” और वहां एक सुरक्षित ट्रांजिशन तक अपना नियंत्रण रखेगा। ट्रंप ने दावा किया कि यह कदम ड्रग्स की तस्करी रोकने और वेनेजुएला को “फिर से महान” बनाने के लिए उठाया गया है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी इस पर बात की और इसे दुनिया के लिए एक चेतावनी बताया। मादुरो को पहले से ही अमेरिका में 50 मिलियन डॉलर का इनाम था, क्योंकि उन्हें “कार्टेल डे लॉस सोलेस” नाम के ड्रग नेटवर्क से जोड़ा जाता रहा है।
सुप्रीम कोर्ट का फैसला
वेनेजुएला की सुप्रीम कोर्ट (संवैधानिक चैंबर) ने उसी दिन शाम को एक आदेश जारी किया। कोर्ट ने उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज को अंतरिम राष्ट्रपति बनने का निर्देश दिया। कोर्ट का कहना था कि मादुरो की अनुपस्थिति में देश में प्रशासनिक निरंतरता बनी रहे और राष्ट्रीय सुरक्षा सुनिश्चित हो, इसलिए डेल्सी रोड्रिग्ज को राष्ट्रपति के सभी अधिकार और जिम्मेदारियां संभालनी होंगी। यह फैसला तब आया जब मादुरो को अमेरिकी सेना ले जा चुकी थी।
डेल्सी रोड्रिग्ज कौन हैं?
डेल्सी रोड्रिग्ज 2018 से वेनेजुएला की उपराष्ट्रपति हैं। वे मादुरो की सबसे करीबी सहयोगी मानी जाती हैं। अर्थव्यवस्था, तेल मंत्रालय और खुफिया एजेंसियों की जिम्मेदारी भी उनके पास रही है। वे काफी सख्त और वफादार नेता के तौर पर जानी जाती हैं। अमेरिकी ट्रंप ने दावा किया था कि डेल्सी उनके साथ मिलकर काम करेंगी और वेनेजुएला को “महान” बनाने में मदद करेंगी। लेकिन डेल्सी ने स्टेट टीवी पर राष्ट्र को संबोधित करते हुए साफ कहा कि निकोलस मादुरो ही देश के एकमात्र वैध राष्ट्रपति हैं। उन्होंने अमेरिकी कार्रवाई को “आक्रामकता” और “अपहरण” बताया तथा मादुरो और उनकी पत्नी की जिंदगी की पुष्टि मांगी। उन्होंने कहा कि शपथ लेने के बाद भी मादुरो ही असली राष्ट्रपति बने रहेंगे।
इसे भी पढ़ें: वेनेजुएला पर अमेरिकी हमले और मादुरो की गिरफ्तारी के बाद भारतीय विदेश मंत्रालय ने जारी की एडवाइजरी
देश की मौजूदा स्थिति
काराकास में सैनिक गश्त बढ़ गई है, लेकिन बड़े पैमाने पर विरोध या हिंसा की खबरें नहीं आईं। कुछ जगहों पर मादुरो के समर्थक जमा हुए। विपक्षी नेता मारिया कोरिना मचाडो ने मांग की है कि 2024 चुनाव के विपक्षी उम्मीदवार एडमुंडो गोंजालेज को तुरंत राष्ट्रपति बनाया जाए। लेकिन फिलहाल सत्ता डेल्सी रोड्रिग्ज के हाथ में दिख रही है, जो मादुरो के प्रति वफादार हैं। अमेरिका का यह कदम लैटिन अमेरिका में दशकों बाद सबसे बड़ा सीधा हस्तक्षेप माना जा रहा है।

















