दिल्ली

बांग्लादेश में हिंदू युवक की हत्या के खिलाफ विश्व हिंदू परिषद का जोरदार प्रदर्शन

वीएचपी का कहना है कि बांग्लादेश में हिंदुओं को चुन-चुनकर निशाना बनाया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि दीपूचंद्र के हत्यारों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए और पीड़ित परिवार को न्याय मिले।

Published by
जय प्रकाश गुप्ता

नई दिल्ली में मंगलवार को बांग्लादेश हाई कमीशन के बाहर पड़ोसी देश में अल्पसंख्यकों पर हो रहे हमलों और हिंदू युवक दीपू दास की निर्मम हत्या के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन हुआ। विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) के नेतृत्व में हुए इस विरोध प्रदर्शन में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने चाणक्यपुरी स्थित बांग्लादेश हाई कमीशन के बाहर बांग्लादेश की सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन इतना जबरदस्त था कि पुलिस बैरिकेड्स भी टूट गए।

यहां वीएचपी और बजरंगदल के कार्यकर्ता बांग्लादेश में एक हिंदू युवक, दीपूचंद्र दास की बेरहमी से की गई हत्या के खिलाफ प्रदर्शन करने पहुंचे थे। वीएचपी का कहना है कि बांग्लादेश में हिंदुओं को चुन-चुनकर निशाना बनाया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि दीपूचंद्र के हत्यारों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए और पीड़ित परिवार को न्याय मिले।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर ले रखे थे, जिन पर अल्पसंख्यकों की सुरक्षा की मांग लिखी थी। ‘यूनुस सरकार होश में आओ’, ‘हिंदुओं की हत्या बंद करो’, ‘एक आवाज बांग्लादेश के हिंदुओं के लिए’ जैसे नारे भी लगे। बांग्लादेश सरकार के अंतरिम नेता यूनुस का पुतला भी फूंका।

प्रदर्शन के कई वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वायरल हो रहे हैं। इनमें से एक वीडियो में एक प्रदर्शनकारी ने कहा कि-‘यह देश राम का है, यह देश कृष्ण का है, हम किसी को नहीं मारते लेकिन हमारी बहन-बेटियों की इज्जत लूटी जा रही है।’

50 से अधिक गैर-मुस्लिमों की हत्या

वीएचपी नेताओं का कहना है कि बांग्लादेश में हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। इस साल जनवरी से अब तक 50 से अधिक गैर-मुस्लिमों की हत्या हो चुकी है। बड़ी संख्या में हिंदुओं के घरों और मंदिरों को निशाना बनाया जा रहा है। ईशनिंदा के झूठे आरोप लगाकर निर्दोष लोगों को जेल भेजा जा रहा है। वहां पढ़ रहे भारतीय मेडिकल छात्रों और अन्य नागरिकों की सुरक्षा भी अब बड़े खतरे में है।

बढ़ते तनाव को देखते हुए दिल्ली स्थित बांग्लादेश हाई कमीशन के आस-पास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। भारत सरकार इस पूरी घटना पर नजर रखे हुए ताकि कूटनीतिक संबंध और नागरिकों की सुरक्षा बनी रहे।

गौरतलब है कि बांग्लादेश में कथित छात्र विद्रोह के प्रमुख नेता शरीफ उस्मान हादी की हत्या के बाद वहां हिंसा जारी है। इसी बीच ईशनिंदा के आरोप में भीड़ ने दीपूचंद्र दास की पीट-पीटकर हत्या कर दी। यही नहीं उनके शव को पेड़ से लटका कर आग के हवाले कर दिया।

Share