लखनऊ । उत्तर प्रदेश में भीषण शीतलहर एवं घने कोहरे की चेतावनी के दृष्टिगत राहत आयुक्त ने कार्यालय स्थित कंट्रोल रूम से आमजन को एसएमएस के माध्यम से खराब मौसम की चेतावनी भेजी है।
कंट्रोल रूम से राहत व्यवस्थाओं की निगरानी
इसके साथ ही कंट्रोल रूम से प्रदेश के समस्त जनपदों में कम्बल वितरण, रैन बसेरों तथा अलाव की स्थिति की निगरानी भी की जा रही है। आम जनमानस द्वारा आपात स्थिति में 1070 पर कॉल आने के पश्चात तत्काल सहायता प्रदान की जा रही है।
प्रदेश में कड़ाके की ठंड और कोहरे की शुरुआत
प्रदेश में घने कोहरे के साथ कड़ाके की सर्दी प्रारम्भ हो गयी है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को तीन दिन का बुलेटिन जारी किया है, जिसमें प्रथम दिन प्रदेश के 50 जनपदों में रेड अलर्ट-अत्यन्त घना कोहरा, 17 जनपदों में आरेंज अलर्ट-घना कोहरा तथा 8 जनपदों में यलो अलर्ट-मध्यम कोहरा होने की संभावना जारी की है।
40 जनपदों में शीतदिवस अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने 40 जनपदों में शीतदिवस अलर्ट का पूर्वानुमान एवं संभावना जारी की है।
जिलाधिकारियों और आमजन को लगातार भेजे जा रहे अलर्ट
राहत आयुक्त के निगरानी में कंट्रोल रूम द्वारा लगातार मैसेज के माध्यम से संबंधित जनपदों के जिलाधिकारियों/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक सहित आपदा प्रबंधन से जुड़े अन्य अधिकारियों व आमजनमानस को चेतावनी का अलर्ट भेजा जा रहा है। कंट्रोल रूम द्वारा सचेत एप के माध्यम से गुरुवार व शुक्रवार के मध्य 12 करोड़ 52 लाख लोगों के मोबाइल पर मैसेज के माध्यम से मौसम का अलर्ट भेजा गया है।
आगे भी जारी रहेंगे मौसम संबंधी एसएमएस अलर्ट
राहत आयुक्त ने बताया कि आगे भी मौसम विभाग के माध्यम से पूर्वानुमान एवं चेतावनी प्राप्त होने पर लोगों के मोबाइल पर मौसम संबंधी एलर्ट कंट्रोल रूम द्वारा भेजे जायेंगे। उन्होंने अपील किया कि वे इस मैसेज पढ़कर उसी अनुसार अपनी यात्रा करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को शीतलहर एवं ठण्ड से बचने की अत्यन्त आवश्यकता है।
















