देहरादून । राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण के सख्त निर्देश पर केंद्र से आए विशेषज्ञों के दल ने दून घाटी में रिस्पना और बिंदाल नदियों का स्थलीय निरीक्षण किया। जानकारी के मुताबिक इन बरसाती नदियों में हो रहे प्रदूषण और अतिक्रमण को लेकर शिकायतें पर्यावरण एजेंसियों को मिल रही थी।
रिस्पना एवं बिंदाल नदियों को लेकर समीक्षा बैठक
राज्य स्वच्छ गंगा मिशन (एस.एम.सी.जी.), नमामि गंगे, उत्तराखण्ड के कार्यक्रम निदेशक विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में जनपद देहरादून में रिस्पना एवं बिंदाल नदियों के संबंध में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक भी आयोजित की गई।
नदी विकास, स्वच्छता एवं संरक्षण पर चर्चा
बैठक में रिस्पना एवं बिंदाल नदियों के विकास, स्वच्छता एवं संरक्षण से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
केंद्र सरकार के अधिकारियों द्वारा स्थलीय निरीक्षण
राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन, नई दिल्ली भारत सरकार से धीरज जोशी (निदेशक), शिव प्रताप रघुवंशी (अपर निदेशक) पीयूष कुमार (आर.टी.आई.एस) और पर्यावरण विभागों के अधिकारियों विशेषज्ञों द्वारा रिस्पना एवं बिंदाल नदियों के विभिन्न स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण किए गए प्रमुख स्थल
जानकारी के मुताबिक निरीक्षण के दौरान काठ बंगला पुल, बाला सुन्दरी पुल, रायपुर रोड (चूना भट्टा), रिस्पना रोड पुल, मोथरावाला रोड पुल एवं डी.एल. रोड पुल पर पैदल भ्रमण कर हालात का जायजा लिया।
एनजीटी आदेशों के अनुपालन की समीक्षा
प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक स्थलीय निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एन.जी.टी.) के आदेशों के अनुपालन की स्थिति की समीक्षा की गई। इसके साथ ही नदी के किनारे, गंदगी, अतिक्रमण तथा अन्य विषयों का भी जायजा लिया गया।
कमियां मिलने पर अधिकारियों को निर्देश
निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर कमियाँ पाई गईं, जिनके त्वरित निस्तारण हेतु निरीक्षण कर रही टीम द्वारा विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट एवं आवश्यक निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान उपस्थित नमामि गंगे के अधिकारी
इस निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान नमामि गंगे, उत्तराखण्ड से अक्षय कुमार (पर्यावरण विशेषज्ञ), पूरन कापड़ी (संचार विशेषज्ञ) तथा संदीप उनियाल (व्यवस्था समन्वयक) भी मौजूद रहे।
निरीक्षण में शामिल विभिन्न विभागों के अधिकारी
निरीक्षण के दौरान हरि गिरी, उपजिलाधिकारी, देहरादून, शहरी विकास विभाग से वैभव गुप्ता, संयुक्त सचिव, रवि पाण्डे, अधीक्षण अभियन्ता, दिगविजय सेमवाल, एस.डब्लू.एस.एम कनस्लटेंट, अंकित भंडारी, इन्फ्रा कनस्लटेंट, नगर निगम देहरादून से श विनय प्रताप चौहान, सहायक नगर आयुक्त, ऋषि पंत चौधरी, नेपाल सिंह, प्रवीन कठैत, राकेश, सिंचाई विभाग से शरद श्रीवास्तव, संजय राज, अधीक्षण अभियन्ता, पुरूषोतम, अधिशासी अभियन्ता, एस.एस. बोरा, बीरपाल भट्ट, पवन सिलवाल, सहायक अभियन्ता, हंस राज सिंह, देवश नेगी, दीपक बहुगुणा, अपर सहायक अभियन्ता, मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण से सुनील कुमार, अधिशासी अभियंता आदि मौजूद रहे।

















