नई दिल्ली । लाल किले के पास हुए दिल्ली ब्लास्ट को लेकर बागेश्वर धाम सरकार आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग की है। इस धमाके में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई थी। उन्होंने कहा कि जांच जारी है और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
“दोषियों को फांसी दी जाए” – आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री
शास्त्री ने एएनआई से बातचीत में कहा, “हम सरकार से मांग करते हैं कि जिन लोगों ने यह कृत्य किया है, उन्हें फांसी दी जाए।” उन्होंने आगे कहा कि देश में चल रही “धमकी और डराने वाली विचारधारा” को खत्म करने के लिए सनातनी एकता जरूरी है।
“सनातनी एकजुट होंगे तो उग्र विचारधारा खत्म होगी”
उन्होंने कहा, “अगर सनातनी एकजुट हो जाएं, तो यह उग्र विचारधारा जो धमकी और हिंसा पर टिकी है, पूरी तरह खत्म हो जाएगी। सोच में परिवर्तन का नाम ही हिंदू एकता है।” शास्त्री हरियाणा में निकाली जा रही बाबा बागेश्वर पदयात्रा के दौरान बोल रहे थे।
मृतक लोगों के प्रति जताई संवेदना
आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा, “देश में जब भी ऐसे ब्लास्ट हुए हैं, वे हमेशा एक उग्र धार्मिक विचारधारा से प्रभावित लोगों द्वारा किए गए हैं। ये हमले भारत और सनातन धर्म को निशाना बनाते हैं। जो कल हुआ वह अत्यंत निंदनीय और अमानवीय है।”
उन्होंने कहा, “हम भगवान से प्रार्थना करते हैं कि जिनकी मृत्यु हुई, उन्हें अपने चरणों में स्थान दें। हम उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं।”
“एकजुट होकर उग्र विचारधारा का सामना करना होगा”
उन्होंने आगे कहा, “अब सनातनियों को उन लोगों के खिलाफ एकजुट होना होगा जो उग्र विचारधारा फैलाते हैं। चाहे जितना डराने की कोशिश की जाए, हम न डरेंगे, न रुकेंगे और न झुकेंगे।”
दिल्ली ब्लास्ट की जांच और संदिग्ध नेटवर्क
दिल्ली के लाल किले के पास एक उच्च तीव्रता वाला विस्फोट उस समय हुआ जब एक धीमी गति से चल रही Hyundai i20 कार सुभाष मार्ग ट्रैफिक सिग्नल पर थी। धमाके में आठ लोगों की मौत हुई और कई घायल हो गए। पास के वाहनों को भी नुकसान पहुंचा ।
जांच एजेंसियों की बड़ी कार्रवाई
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में UAPA, Explosives Act और Bharatiya Nyaya Sanhita के तहत मामला दर्ज किया है। कई एजेंसियां मिलकर इस धमाके की जांच कर रही हैं, साथ ही आज गृह मंत्रालय ने उच्च स्तरीय बैठक के बाद जांच की जिम्मेदारी राष्ट्रीय जांच एजेंसी NIA को सौंपी है। ताकि इसके पीछे की मंशा और नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
फरीदाबाद में मिला भारी मात्रा में विस्फोटक
सोमवार को जम्मू-कश्मीर पुलिस और हरियाणा पुलिस ने मिलकर फरीदाबाद के एक फ्लैट से 360 किलो संदिग्ध अमोनियम नाइट्रेट और करीब 2,900 किलो IED बनाने की सामग्री बरामद की। इनमें रसायन, डेटोनेटर और वायर शामिल थे।
दिल्ली ब्लास्ट और फरीदाबाद बरामदगी का कनेक्शन
अधिकारियों का मानना है कि दिल्ली ब्लास्ट और फरीदाबाद में बरामद सामग्री एक बड़े आतंकी नेटवर्क से जुड़ी हो सकती है, जो कई राज्यों में फैला हुआ है। सुरक्षा एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क को उजागर करने में जुटी हुई हैं।

















