हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टीम इंडिया की महिला क्रिकेट टीम से मुलाकात की, जिसने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। यह मुलाकात केवल औपचारिक नहीं थी, बल्कि इसमें हंसी-मजाक, अपनापन और खुशी से भरे कई पल देखने को मिले। इस बातचीत का एक मजेदार वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें खिलाड़ी पीएम मोदी से उनका स्किन केयर रूटीन पूछती नजर आईं। बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने सभी खिलाड़ियों से खुलकर बातें कीं। इस दौरान टीम की खिलाड़ी हरलीन देओल ने माहौल को हल्का-फुल्का और हंसी से भर दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें अपने साथियों को हंसाना और खुश रखना बहुत पसंद है। वह हमेशा कोशिश करती हैं कि टीम का माहौल पॉजिटिव बना रहे। इस पर पीएम मोदी ने मुस्कुराते हुए पूछा, “तो यहां आकर भी कुछ किया होगा ना?” हरलीन ने हंसते हुए जवाब दिया, सर, यहां तो मुझे डांट दिया गया। कहा गया- शांत रहो। यह सुनते ही वहां मौजूद सभी खिलाड़ी और खुद प्रधानमंत्री मोदी भी ठहाके लगाने लगे।
When women’s cricket gunn fielder Harleen Deol @imharleenDeol asked PM Modi about his skincare routine 😂👋
PM smiled and said “It’s been 25 years as head of government… it’s the blessings of the people that keep me glowing.” ✨🇮🇳 pic.twitter.com/mklQKCwrqq
— Astronaut 🚀 (@TheRobustRascal) November 6, 2025
मुलाकात का सबसे मजेदार पल तब आया, जब हरलीन देओल ने अचानक कहा- सर, मुझे आपका स्किन केयर रूटीन पूछना है। आप बहुत ग्लो करते हो। यह सुनकर पूरा हॉल ठहाकों से गूंज उठा। प्रधानमंत्री मोदी ने मजाकिया अंदाज में अपना सिर पकड़ लिया और मुस्कुराते हुए बोले, “मेरा इस विषय पर ज्यादा ध्यान नहीं गया था।” इस पर टीम की खिलाड़ी स्नेह राणा ने तुरंत कहा,सर, यह तो करोड़ों देशवासियों का प्यार है जो आपके चेहरे पर दिखता है। इस पर पीएम मोदी ने सहमति जताते हुए कहा, यह तो है ही है। यह बहुत बड़ी ताकत होती है। समाज से इतना लगाव, इतना अपनापन यही असली ऊर्जा देता है। सरकार में 25 साल पूरे हो गए, यह भी लोगों के प्यार और आशीर्वाद से ही संभव हुआ है। मुलाकात के दौरान टीम के कोच अमोल मजूमदार ने भी माहौल में और हंसी घोल दी। उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा- “सर, देखा आपने सवाल कैसे आते हैं? हर खिलाड़ी का कैरेक्टर अलग है। मैं दो साल से इनका कोच हूं, मेरे बाल सफेद हो गए हैं।” यह सुनकर प्रधानमंत्री मोदी और सभी खिलाड़ी जोर से हंस पड़े। इस मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो गया है। हरलीन देओल का “स्किन केयर रूटीन वाला सवाल” लोगों को खूब पसंद आ रहा है।

















