उत्तराखंड राज्य की स्थापना की 25वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में 9 नवंबर को पूरे राज्य में भव्य रजत जयंती समारोह आयोजित किया जाएगा। मुख्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम देहरादून के वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआई) में आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री धामी सोमवार को विधानसभा के विशेष सत्र में भाग लेने के बाद सीधे एफआरआई पहुंचे और कार्यक्रम की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल, सुरक्षा व्यवस्था, दर्शक दीर्घा, यातायात प्रबंधन, सांस्कृतिक मंच और स्वागत समारोह की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य स्थापना दिवस के इस ऐतिहासिक अवसर को गरिमापूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से मनाया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन उत्तराखंड की 25 वर्ष की विकास यात्रा, संघर्ष और उपलब्धियों का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में आयोजित होने वाला यह रजत जयंती समारोह राज्य के लिए एक प्रेरणादायी अवसर होगा। निरीक्षण के दौरान भाजपा नेता ज्योति प्रसाद गैरोला, अनिल गोयल और किशोर भट्ट भी मौजूद थे। इस अवसर पर सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडेय, गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडेय, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरुप, अपर सचिव बंशीधर तिवारी एवं शासन – प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद थे।

















