नई दिल्ली: बिहार विधानसभा चुनाव के बीच लालू प्रसाद यादव के दोनों बेटों के बीच जुबानी जंग बढ़ गई है। चुनावी मौसम में तेज प्रताप यादव और तेजस्वी यादव के बीच तकरार जारी है। दोनों के बीच राजनीतिक मतभेद सामने आ रहे हैं। तेज प्रताप यादव ने अब अपने ही भाई तेजस्वी यादव को दुधमुंहा बच्चा बताया है। महुआ में प्रचार के दौरान वह अपने भाई तेजस्वी यादव पर जमकर भड़के और खुद मुख्यमंत्री की दावेदारी ठोकी।
तेजस्वी के दूध के दांत नहीं टूटे…
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने अपने छोटे भाई तेजस्वी के लिए कहा है कि उनके अभी दूध के दांत नहीं टूटे हैं। यानी वह अभी राजनीतिक तौर पर परिपक्व नहीं है। दोनों के बीच दरार बढ़ गई है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, तेज प्रताप यादव ने एक इंटरव्यू में छोटे भाई तेजस्वी यादव को दूधमुंहा बच्चा बताया।

तेज प्रताप के खिलाफ प्रचार के लिए पहुंचे थे तेजस्वी
तेज प्रताप यादव का यह बयान तब सामने आया जब तेजस्वी उनके खिलाफ महुआ में प्रचार के लिए पहुंचे थे। तेज प्रताप ने कहा कि तेजस्वी का अभी दूध का दांत नहीं टूटा है। उन्होंने कहा कि अगर महुआ की जनता चाहेगी तो वे बिहार के मुख्यमंत्री बनेंगे। साथ ही दावा किया कि उनकी पार्टी के 20 विधायक चुनाव जीतने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि महुआ के लोगों के लिए सौभाग्य होगा कि अगला मुख्यमंत्री महुआ का होगा। उन्होंने कहा कि हमारे छोटे और नादान भाई का कहना है कि पार्टी से बड़ा कोई नहीं होता। पर हम कहना चाहते हैं कि पार्टी से बड़ी जनता होती है। वही असली मालिक है। लोकतंत्र में सबसे बड़ी ताकत जनता होती है न कि कोई पार्टी या परिवार।
















